लखीसराय में परिवहन विभाग सख्त, राजस्व लक्ष्य पूरा करने और सड़क हादसे रोकने का निर्देश
- Post By Admin on Nov 03 2026
लखीसराय : जिले में परिवहन विभाग के राजस्व संग्रहण में प्रगति लाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने को लेकर मंगलवार को परिवहन कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में प्रवर्तन शाखा के पदाधिकारियों और कर्मियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
परिवहन मंत्री और विभागीय सचिव से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में आयोजित बैठक के दौरान डीटीओ ने राजस्व संग्रहण से जुड़े कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित राजस्व लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रभावी और परिणाम आधारित कार्रवाई करने को कहा। विभागीय कार्यों में तेजी लाने के साथ लक्ष्य प्राप्ति की दिशा में नियमित प्रगति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में सड़क सुरक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। डीटीओ ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई जरूरी है। इसके साथ ही आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। उन्होंने परिवहन विभाग से जुड़ी जनकल्याणकारी सेवाओं को आम नागरिकों तक बेहतर तरीके से पहुंचाने पर भी जोर दिया। अधिकारियों और कर्मियों को परिवहन सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने तथा नागरिकों को समय पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
डीटीओ ने स्पष्ट किया कि विभागीय कार्यों के निष्पादन में जनहित, जवाबदेही और संवेदनशीलता को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कर्मियों से आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने को कहा।