अमृत सरोवरों पर लगेंगे सोलर पैनल, लखीसराय में डीएम ने दिया 'नीचे मछली, ऊपर बिजली' का सुझाव

  • Post By Admin on Nov 03 2026
अमृत सरोवरों पर लगेंगे सोलर पैनल, लखीसराय में डीएम ने दिया 'नीचे मछली, ऊपर बिजली' का सुझाव

लखीसराय : जल संरक्षण, वृक्षारोपण और पर्यावरण संवर्धन के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जल-जीवन-हरियाली दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ने जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार को पौधा भेंट कर की। इस दौरान अभियान के उद्देश्यों और जिले में इसके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर चर्चा हुई।

जिलाधिकारी ने कहा कि जल-जीवन-हरियाली अभियान बिहार सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करना, जल स्रोतों का संरक्षण करना और हरित आवरण को बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण और पर्यावरण की सुरक्षा केवल वर्तमान की जरूरत नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से भी जुड़ा विषय है। परिचर्चा के दौरान डीएम ने अमृत सरोवरों के ऊपर सोलर प्लेट स्थापित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से जल संरक्षण के साथ सौर ऊर्जा का उत्पादन भी किया जा सकता है। इसे 'नीचे मछली, ऊपर बिजली' की अवधारणा से जोड़ते हुए उन्होंने संबंधित विभाग को इस संबंध में प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया। इसके अलावा जलकुंभी से एथेनॉल उत्पादन की संभावनाओं पर भी विचार करने और संबंधित विभाग को प्रस्ताव भेजने का सुझाव दिया।

कार्यक्रम में अभियान के तहत जल संरक्षण एवं संवर्धन, प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, अधिकाधिक पौधारोपण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण जैसे विषयों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने अभियान के उद्देश्यों को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने पर जोर दिया। जिला जनसंपर्क कार्यालय के अनुसार, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, बिहार के निर्देश पर जल-जीवन-हरियाली अभियान का प्रचार-प्रसार होल्डिंग, फ्लेक्स, नुक्कड़ नाटक, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से किया जा रहा है। इसके साथ ही प्रत्येक महीने प्रेस विज्ञप्ति तथा इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जाता है।

उल्लेखनीय है कि जल-जीवन-हरियाली दिवस प्रत्येक महीने के प्रथम मंगलवार को मनाया जाता है। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सिविल सर्जन जयप्रकाश सिंह, पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित), जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।