जल-जीवन-हरियाली अभियान को लेकर जिलाधिकारी ने की परिचर्चा आयोजित

  • Post By Admin on Jan 08 2025
जल-जीवन-हरियाली अभियान को लेकर जिलाधिकारी ने की परिचर्चा आयोजित

सीतामढ़ी : मंगलवार को समाहरणालय में जल-जीवन-हरियाली अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में एक परिचर्चा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी रिची पांडेय ने की। जबकि उप विकास आयुक्त मनन राम भी उपस्थित रहे। परिचर्चा का विधिवत उद्घाटन जिलाधिकारी एवं उप विकास आयुक्त के द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस कार्यक्रम में निदेशक डीआरडीए राजेश भूषण, जिला पंचायती राज पदाधिकारी उपेंद्र पंडित, जिला जन संपर्क पदाधिकारी कमल सिंह, डीपीओ मनरेगा सहित जिले के विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

इस अवसर पर जिलाधिकारी रिची पांडेय ने अपने सम्बोधन में जल और हरियाली के महत्व पर जोर दिया और कहा कि “जल और हरियाली के बिना किसी भी प्राणी का जीवन संभव नहीं है।” उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रारंभ किए गए जल-जीवन-हरियाली अभियान का मुख्य उद्देश्य पारिस्थितिकीय संतुलन बनाए रखना, जल संरक्षण और संचयन को बढ़ावा देना और भूजल स्तर में सुधार करना है। इसके अतिरिक्त, बदलते मौसम के अनुकूल कृषि पद्धतियों को अपनाकर उपज बढ़ाने का भी उद्देश्य रखा गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में खासतौर पर सफलतापूर्वक चलाया जा रहा है और इसके सकारात्मक परिणाम देखे जा रहे हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए केवल प्रशासनिक प्रयास ही नहीं, बल्कि समुदाय की सक्रिय सहभागिता भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। जिलाधिकारी ने पंचायत स्तर पर ऐसे आयोजनों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि इस तरह की परिचर्चा आम जनता को जागरूक करने और उन्हें जल-जीवन-हरियाली के प्रति सजग बनाने में मददगार साबित होगी।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त मनन राम ने जिले में जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत किए गए कार्यों और ग्रामीण क्षेत्रों में प्राप्त उपलब्धियों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत कई पहल की गई हैं। जिनसे जलवायु परिवर्तन और पारिस्थितिकीय संतुलन बनाए रखने में मदद मिल रही है। कार्यक्रम में निदेशक डीआरडीए राजेश भूषण ने मंच संचालन किया। धन्यवाद ज्ञापन उप विकास आयुक्त मनन राम ने किया और सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।