रांची : इस वर्ष के फरवरी माह में ही झारखंड के विभिन्न जिलों में भीषण गर्मी का अहसास होने लगा है। राज्य में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में वृद्धि के कारण सुबह और शाम को हल्की ठंड का एहसास तो हो रहा है, लेकिन दिन में लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5 दिनों तक राज्य में मौसम में कोई बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। हालांकि, इस दौरान तापमान में हल्की वृद्धि या गिरावट हो सकती है। वर्तमान में राज्य के अधिकांश जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है और पिछले 24 घंटे में मौसम शुष्क रहा।

सरायकेला जिले में सबसे अधिक तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। जिससे यह साफ हो गया है कि फरवरी के शुरुआती दिनों में ही अप्रैल और मई जैसी गर्मी महसूस होने लगी है। ऐसे में स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बढ़ सकती हैं। खासकर गर्मी के कारण डिहाईड्रेशन, हीट स्ट्रोक और अन्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। इस स्थिति में मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लोग अपनी सेहत का ध्यान रखें और गर्मी से बचने के लिए उचित उपायों का पालन करें।