मुजफ्फरपुर: बिहार विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर वनस्पति विज्ञान विभाग में विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर छात्रों ने पोस्टर प्रदर्शन के जरिए ओजोन परत की महत्ता और इसके संरक्षण की आवश्यकता को प्रस्तुत किया। इस दौरान छात्रों ने बताया कि सीएफसी, एचसीएफसी और हेलोन जैसी गैसों के उत्सर्जन से ओजोन परत में क्षरण हो रहा है, जो मानव जीवन और पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है।

विभागाध्यक्ष प्रो. रंजना कुमारी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि 16 सितंबर 1987 को संयुक्त राष्ट्र सहित 45 देशों द्वारा हस्ताक्षरित प्रोटोकॉल से इस दिवस की शुरुआत हुई थी। उन्होंने बताया कि अल्ट्रावायलेट किरणें मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव डालती हैं, इसलिए ओजोन परत की सुरक्षा बेहद जरूरी है। प्रो. रंजना कुमारी ने कहा कि ओजोन दिवस मनाने का उद्देश्य लोगों में जागरूकता फैलाना और वायुमंडल को हानिकारक पराबैंगनी किरणों से बचाने में ओजोन परत की भूमिका को समझाना है। इस अवसर पर प्रो. नीलम कुमारी, डॉ. पूनम कुमारी, डॉ. गौरव पांडे, डॉ. कादंबनी, डॉ. नीति किरण और डॉ. रितिका कुमारी भी उपस्थित रहीं।