नीतीश और तेजस्वी के बीच तीखी नोकझोंक, मुख्यमंत्री बोले - चुपचाप बैठकर सुनो

  • Post By Admin on Feb 05 2026
नीतीश और तेजस्वी के बीच तीखी नोकझोंक, मुख्यमंत्री बोले - चुपचाप बैठकर सुनो

पटना : बिहार विधानसभा में गुरुवार को उस वक्त माहौल गरमा गया, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। राज्यपाल के अभिभाषण पर सरकार की ओर से जवाब देते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी बात रख रहे थे, तभी तेजस्वी यादव ने उनके दावों पर टोकने की कोशिश की। इस पर मुख्यमंत्री ने तेजस्वी से कहा, “बैठो न, मेरी बात सुनो।”

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं को लेकर बेवजह सवाल खड़े किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2005 से पहले बिहार की स्थिति बेहद खराब थी और लोग शाम के बाद घर से निकलने से डरते थे। उस समय स्कूल, अस्पताल, सड़क, पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव था। नीतीश कुमार ने दावा किया कि एनडीए सरकार के आने के बाद राज्य में शांति कायम हुई और विकास कार्यों को गति मिली।

सीएम ने कहा कि उनकी सरकार ने कब्रिस्तान की घेराबंदी कराई और पुराने मंदिरों के लिए चहारदीवारी बनवाई। साथ ही गांवों और टोलों को पक्की सड़कों से जोड़ने का काम पूरा किया गया। उन्होंने बताया कि हर घर नल का जल और हर घर शौचालय जैसी योजनाओं से आम लोगों को बड़ी राहत मिली है। बिजली व्यवस्था में सुधार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अब लोगों को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं के लिए रोजगार और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों को भी गिनाया। उन्होंने कहा कि ‘सात निश्चय’ योजना के तहत अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार दिया जाएगा। स्वास्थ्य सुविधाओं पर बोलते हुए उन्होंने बताया कि पहले जहां बिहार में केवल छह मेडिकल कॉलेज थे, अब इनकी संख्या 12 हो चुकी है और 27 नए मेडिकल कॉलेज बनाए जा रहे हैं। पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल को 5400 बेड वाला आधुनिक संस्थान बनाने की भी योजना है।

महिलाओं को सशक्त बनाने पर जोर देते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि उन्हें दस हजार रुपए की सहायता दी गई है और आगे दो लाख रुपए तक की मदद देने की योजना है। साथ ही सभी जिलों में औद्योगिक क्षेत्र स्थापित कर रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री के इन बयानों के दौरान विपक्षी सदस्यों ने बीच-बीच में टोका-टोकी की, जिससे सदन में हल्की नोकझोंक का माहौल बना रहा। हालांकि, सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों के बीच यह सियासी टकराव कुछ देर बाद शांत हो गया।