पुरी रथ यात्रा में भगदड़ से मची अफरा-तफरी, तीन श्रद्धालुओं की मौत, दर्जनों घायल

  • Post By Admin on Jun 29 2025
पुरी रथ यात्रा में भगदड़ से मची अफरा-तफरी, तीन श्रद्धालुओं की मौत, दर्जनों घायल

पुरी : ओडिशा के पुरी में रविवार सुबह भगवान जगन्नाथ की वार्षिक रथ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण भगदड़ मच गई। हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दस से अधिक लोग घायल हो गए। घटना श्रीगुंडिचा मंदिर के सामने शरधाबली क्षेत्र में हुई, जहां श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए उमड़े थे।

सूत्रों के अनुसार, सुबह लगभग 4:30 बजे भीड़ इतनी अधिक हो गई कि नियंत्रण से बाहर हो गई। श्रद्धालुओं में धक्का-मुक्की के बीच कुछ लोग नीचे गिर गए, जिसके बाद भगदड़ की स्थिति बन गई। अफरातफरी में कई लोग घायल हो गए।

मृतकों की पहचान खुर्दा जिले की प्रभाती दास, बसंती साहू और 70 वर्षीय प्रेमाकंत महांती के रूप में की गई है। सभी की मौत घटना स्थल पर ही हो गई। घायल श्रद्धालुओं को 108 एम्बुलेंस सेवा के जरिए त्वरित रूप से पुरी जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुरी की यह रथ यात्रा देश की सबसे बड़ी धार्मिक आयोजनों में से एक मानी जाती है, जिसमें लाखों की संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं। भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा की प्रतिमाएं भव्य रथों पर सवार होकर श्रीमंदिर से श्रीगुंडिचा मंदिर तक ले जाई जाती हैं।

इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे के बाद प्रशासन ने स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की है। स्थानीय अधिकारियों ने घटना की पुष्टि करते हुए जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए भीड़ प्रबंधन की रणनीति पर पुनर्विचार करने की बात कही है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर उठे सवालों के बीच प्रशासन पर भी गंभीर लापरवाही के आरोप लग रहे हैं। हालांकि, अधिकारियों का दावा है कि बचाव कार्य में तेजी लाई गई और घायलों को जल्द से जल्द चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।