शंभु मोहन प्रसाद ने राष्ट्रीय सेवा योजना में बनाई विशिष्ट पहचान

  • Post By Admin on Jan 02 2025
शंभु मोहन प्रसाद ने राष्ट्रीय सेवा योजना में बनाई विशिष्ट पहचान

मुजफ्फरपुर : जिले के मोतीपुर नगर परिषद क्षेत्र के हॉस्पिटल रोड निवासी शंभु मोहन प्रसाद ने राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के क्षेत्र में अपनी कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प से एक विशिष्ट पहचान बनाई है। उनका सफर 1997 में शुरू हुआ था। जब उन्होंने लंगट सिंह महाविद्यालय में आयोजित युवा सप्ताह प्रतियोगिताओं में भाग लेने का प्रयास किया था। यद्यपि उस समय उन्हें सफलता नहीं मिली, लेकिन उनकी मेहनत और जज्बे ने उन्हें राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़ने का मार्ग दिखाया और धीरे-धीरे वे इस क्षेत्र के एक प्रमुख सदस्य बन गए। 1997 में शंभु मोहन प्रसाद ने जब लंगट सिंह महाविद्यालय के जीव विज्ञान विभाग के सूचना पट्ट पर राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा आयोजित युवा सप्ताह की प्रतियोगिताओं के बारे में पढ़ा, तो उनकी इच्छा उन कार्यक्रमों में भाग लेने की थी। हालांकि, कॉलेज के नए छात्र होने के कारण वह कार्यक्रम स्थल का पता नहीं लगा पाए और उन्हें निराशा का सामना करना पड़ा। लेकिन एक नई प्रतियोगिता में भाग लेकर उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना का पहला प्रमाण पत्र प्राप्त किया, जो उनके जीवन में एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुआ।

शंभु मोहन प्रसाद ने इसके बाद राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़ने का दृढ़ निश्चय किया और दलनायक राजेश कुमार चौधरी के मार्गदर्शन में विभिन्न सामाजिक और शैक्षिक कार्यों में भाग लिया। उन्होंने स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, पल्स पोलियो अभियान, एड्स जागरूकता, रक्तदान शिविर, दुर्गा पूजा मंदिर शिविर, जागृति बस्ती में साक्षरता अभियान और भूकंप राहत जैसे कई कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। उनका समर्पण और मेहनत समय-समय पर सराहा गया और उन्हें कई प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हुए। वर्ष 2001 में रामदयालु सिंह कॉलेज, मुजफ्फरपुर में आयोजित राष्ट्रीय एकता शिविर में शंभु मोहन प्रसाद ने राष्ट्रीय भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्हें तत्कालीन बिहार सरकार के कला, संस्कृति और युवा विभाग के मंत्री अशोक कुमार सिंह ने प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किया। इसके बाद, वर्ष 2002 में राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस पर उन्हें विश्वविद्यालय के सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवक सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें तत्कालीन विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. निहार नंदन सिंह द्वारा दिया गया। वर्ष 2014 में शंभु मोहन प्रसाद को लंगट सिंह कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अमरेंद्र नारायण यादव द्वारा कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना के सलाहकार समिति का सदस्य नियुक्त किया गया।

यह उनकी राष्ट्रीय सेवा योजना में दी गई मेहनत और योगदान का प्रमाण था। शंभु मोहन प्रसाद ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों और मार्गदर्शकों को दिया। उन्होंने कहा कि उनके जीवन में प्रमुख योगदान देने वाले गुरु देव डॉ. रिपु सूदन श्रीवास्तव, डॉ. रामबल्क चौधरी, डॉ. गजेंद्र कुमार, डॉ. रोहितास्व दुबे, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. जयकांत सिंह, डॉ. विजय कुमार जायसवाल, डॉ. अरुण कुमार सिंह, डॉ. विकाश नारायण उपाध्याय, डॉ. भूपाल सिंह, नारायण सिंह, प्रो. आरती नाथ सिंह, डॉ. वीरेंद्र कुमार सिंह, दलनायक राजेश कुमार चौधरी और सतीश कुमार साथी उनके प्रेरणास्त्रोत रहे हैं।