सावन मिलन में महिलाओं ने बांटी खुशियां, डांस और गेम्स के साथ मनाया उत्सव
- Post By Admin on Aug 21 2026
मुजफ्फरपुर: सोशल वर्कर फॉर वूमेन एम्पावरमेंट की ओर से सावन मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्था की सदस्यों ने पारंपरिक अंदाज में सावन उत्सव मनाते हुए एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा कीं। समारोह के दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे को हरी चूड़ियां पहनाईं और बिंदी लगाकर सावन की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर श्रावण उत्सव की बधाई दी। पारंपरिक परिधान और सावन की रंग-बिरंगी सजावट ने कार्यक्रम के माहौल को और भी खास बना दिया।
सावन मिलन समारोह के दौरान डांस, मस्ती और विभिन्न मनोरंजक खेलों का भी आयोजन किया गया। टीम की सदस्यों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया और जमकर आनंद उठाया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने, अपनी संस्कृति और परंपराओं को करीब से महसूस करने तथा आपसी सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं। शाम तक चले इस उत्सव में सभी टीम सदस्यों ने उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। हंसी-मजाक, गीत-संगीत और मनोरंजक गतिविधियों के बीच सावन मिलन समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।