राजद शासन का मतलब है हत्या, लूट और अपहरण : नित्यानंद राय
- Post By Admin on Oct 05 2025

पटना : केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि “बिहार को 1990 से 2005 तक राजद शासन के अंधकारमय दौर का सामना करना पड़ा, जब हत्या, लूट, अपहरण और भ्रष्टाचार आम बात थी।”
पटना में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि “राजद शासन में 18,000 से अधिक हत्याएं, सैकड़ों नरसंहार और 32,000 से ज्यादा अपहरण हुए। महिलाएं, व्यापारी, शिक्षक — कोई सुरक्षित नहीं था। स्कूली बच्चों तक का अपहरण किया जाता था।” राय ने कहा कि लालू-राबड़ी शासन में अपराधियों को सत्ता का संरक्षण मिला और कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। उन्होंने तेजस्वी यादव से पूछा — “क्या वे यह स्वीकार करेंगे कि मुख्यमंत्री आवास से अपहरण और सौदों को संरक्षण मिलता था?” उन्होंने आरोप लगाया कि राजद शासन “नरसंहार राज और भ्रष्टाचार का प्रतीक” था। चारा घोटाला, दूध घोटाला, अलकतरा घोटाला और नौकरी के बदले जमीन घोटाले जैसे मामलों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि “लालू परिवार ने बिहार की छवि को देशभर में कलंकित किया।” राय ने कहा कि लोकतंत्र को लूटतंत्र में बदलने वाला दल आज फिर नैतिकता और विकास की बात कर रहा है। उन्होंने जनता से अपील की — “बिहार को फिर से जंगलराज में लौटने नहीं देना है। जो लोग कभी भय और हिंसा के प्रतीक थे, वे आज जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं।”
इस मौके पर भाजपा नेता संजय मयुख, दानिश इकबाल, अमित प्रकाश बबलू और सच्चिदानंद पीयूस समेत अन्य उपस्थित थे।