आरडीएस कॉलेज में जेपी के लोकतांत्रिक दर्शन पर वेबिनार, युवाओं की भूमिका पर हुई चर्चा

  • Post By Admin on Oct 11 2026
आरडीएस कॉलेज में जेपी के लोकतांत्रिक दर्शन पर वेबिनार, युवाओं की भूमिका पर हुई चर्चा

मुजफ्फरपुर : राम दयालु सिंह महाविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग की ओर से “जयप्रकाश नारायण के विचारों की प्रासंगिकता” विषय पर एक विशेष वेबिनार का आयोजन किया गया। इस परिचर्चा की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शशि भूषण कुमार ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि जेपी लोकतांत्रिक समाजवाद के प्रणेता तथा संपूर्ण क्रांति के अग्रदूत रहे हैं, और उनके विचार आज के दौर में भी लोकतंत्र की मजबूती, सामाजिक न्याय की स्थापना एवं जनभागीदारी सुनिश्चित करने में पूरी तरह प्रासंगिक हैं।

कार्यक्रम के आरंभ में स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए राजनीति विज्ञान विभाग के डॉ. रजनीकांत पांडे ने विषय प्रवर्तन किया। उन्होंने जेपी के राजनीतिक दर्शन पर विस्तार से बात रखते हुए स्पष्ट किया कि जयप्रकाश जी के चिंतन में राजनीति से ऊपर हमेशा लोकनीति का स्थान रहा है। सच्चा लोकतंत्र वास्तव में वही है जहाँ शासन की नीतियों और प्रक्रियाओं में आम जनता की प्रत्यक्ष भागीदारी हो। इसके साथ ही उन्होंने नैतिक राजनीति और जनसहभागिता के महत्व पर विशेष जोर दिया।

वेबिनार का कुशल संचालन डॉ. पंकज कुमार तिवारी द्वारा किया गया, वहीं सत्र के अंत में डॉ. अमृता कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस वैचारिक संगोष्ठी में डॉ. ललित किशोर एवं डॉ. बिंदु कुमारी के अलावा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भी सक्रिय रूप से हिस्सा लिया। विद्यार्थियों में राहुल कुमार, ज्योति, अमीर, आयुषी, प्रियांशी और पुतुल ने जेपी के विचारों को वर्तमान परिप्रेक्ष्य में जोड़ते हुए अपनी बात रखी।

सत्र के दौरान वक्ताओं ने जयप्रकाश नारायण के लोकतांत्रिक मूल्यों, संपूर्ण क्रांति, सामाजिक परिवर्तन और जनशक्ति की अवधारणा पर मंथन किया। इस आयोजन ने युवाओं को लोकतंत्र में नागरिकों की सक्रिय भूमिका और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक रहने का सशक्त संदेश दिया।

*सांकेतिक तस्वीर*