संघ शताब्दी वर्ष पर प्रांतीय सप्तशक्ति संगम बैठक सम्पन्न, शिक्षा और राष्ट्रनिर्माण पर मंथन
- Post By Admin on Feb 02 2026
मुजफ्फरपुर : संघ के शताब्दी वर्ष के ऐतिहासिक अवसर पर लोक शिक्षा समिति, बिहार के तत्वावधान में प्रांतीय सप्तशक्ति संगम बैठक का आयोजन रविवार को भारती शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, सदातपुर में किया गया। यह बैठक प्रातः 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक गरिमामय और अनुशासित वातावरण में सम्पन्न हुई, जिसमें करीब 150 शिक्षकों, कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठनात्मक समन्वय को मजबूत करना, शैक्षणिक गुणवत्ता को बेहतर बनाना तथा शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आगामी कार्ययोजनाओं पर विचार-विमर्श करना रहा। इस दौरान कुटुंब प्रबोधन, मूल्याधारित शिक्षा, डिजिटल शैक्षणिक साधनों का उपयोग और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम में लोक शिक्षा समिति से संबद्ध संस्थान भारती शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय के विभाग निरीक्षक राजेश रंजन की विशेष उपस्थिति रही। वहीं, सप्तशक्ति संगम कार्यक्रम के प्रभारी विभाग निरीक्षक ललित कुमार राय ने संपूर्ण कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का सफलतापूर्वक संचालन किया। प्रांत सचिव रामलाल सिंह की उपस्थिति ने बैठक को महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया।
मुख्य वक्ता अवनीश भटनागर ने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा कि संघ का शताब्दी वर्ष केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि आत्ममंथन और दायित्वबोध का कालखंड है। उन्होंने शिक्षा को राष्ट्रनिर्माण का सबसे सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि विद्यालय और महाविद्यालय चरित्र निर्माण, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना के केंद्र होने चाहिए।
बैठक की अध्यक्षता कर रहीं लोक शिक्षा समिति की पूर्व अध्यक्ष डॉ. सुधा बाला ने कुटुंब प्रबोधन और मातृशक्ति की भूमिका पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि परिवार में संस्कारों की नींव नारी ही रखती है और राष्ट्रनिर्माण में महिलाओं की सक्रिय भूमिका अनिवार्य है।
कार्यक्रम के दौरान संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती भी श्रद्धापूर्वक मनाई गई और उनके सामाजिक समरसता व समानता के संदेशों को याद किया गया।
विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. पूजा, क्षेत्रीय संयोजक उपस्थित रहीं। प्रांत सह-संयोजक के रूप में सरोज कुमारी (प्रधानाचार्य, बालिका सरस्वती विद्या मंदिर, पूर्णिया) और सिम्मी वर्मा (प्रधानाचार्य, बालिका सरस्वती विद्या मंदिर, सिवान) की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन डॉ. नूतन सिंह ने किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश कुमार पाल, डीएलएड विभागाध्यक्ष डॉ. सतीश चंद्र सहित सभी संकाय सदस्य एवं कर्मचारी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के बाद लोक शिक्षा समिति की साधारण सभा की बैठक भी आयोजित हुई, जिसमें आगामी योजनाओं और बजट प्रस्तावों पर चर्चा कर निर्णय लिए गए।
पूरे आयोजन के दौरान संगठनात्मक एकता, अनुशासन और राष्ट्रभावना का वातावरण बना रहा। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शताब्दी वर्ष की गतिविधियों को सफल बनाने का संकल्प लिया।