विश्व मार्केटिंग दिवस पर पर्यावरण भारती ने किया पौधारोपण, महिलाओं की भूमिका रही अहम
- Post By Admin on May 27 2025
 
                    
                    जमुई : विश्व मार्केटिंग दिवस के अवसर पर पर्यावरण भारती द्वारा मातृत्व सेवा सदन, खैरा मोड़ में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं पर्यावरण नारी शक्ति प्रांत टोली सदस्य डॉ. शालिनी सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की असली संरक्षक महिलाएं हैं, जो अपने घर आंगन में तुलसी, पीपल जैसे पौधों की पूजा कर प्रकृति से भावनात्मक जुड़ाव रखती हैं।
डॉ. शालिनी ने विश्नोई समाज की अमृता देवी के बलिदान का उल्लेख करते हुए महिलाओं को वृक्षारोपण व संरक्षण के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में लोगों को अपने घरों के आसपास कम से कम 10 पौधे लगाने और 5 वर्षों तक उसकी देखभाल करने का संकल्प दिलाया गया।
पर्यावरण भारती के संस्थापक ने भगवान शिव के प्रकृति-संग संबंध का उदाहरण देते हुए कहा कि प्राकृतिक जीवनशैली अपनाकर ही मानवता को महामारी जैसे संकटों से बचाया जा सकता है।
इस मौके पर उपस्थित शांडिल्य ने विश्व मार्केटिंग दिवस की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2023 में इस दिवस की शुरुआत मार्केटिंग के जनक फिलिप कोटलर के सम्मान में की गई थी। इसका उद्देश्य मार्केटिंग प्रोफेशन को बढ़ावा देना और उपभोक्ताओं में ब्रांड के प्रति जागरूकता लाना है।
कार्यक्रम में डॉ. वीणा सिंह, रानी कुमारी, पूजा कुमारी, सोनी कुमारी, रामबिलास शांडिल्य सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे। आयोजकों ने डिजिटल युग में पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक जिम्मेदारी बताया और जनभागीदारी पर बल दिया।