नेशनल डॉक्टर्स डे पर पर्यावरण भारती ने किया पौधारोपण, डॉक्टर बिधान चंद्र राय को दी श्रद्धांजलि

  • Post By Admin on Jul 01 2025
नेशनल डॉक्टर्स डे पर पर्यावरण भारती ने किया पौधारोपण, डॉक्टर बिधान चंद्र राय को दी श्रद्धांजलि

जमुई : नेशनल डॉक्टर्स डे के अवसर पर कोल्हुआ टोला (नगदेवा), मलयपुर स्थित पर्यावरण भारती द्वारा विशेष पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अगुवाई पर्यावरण पेड़ उपक्रम जमुई जिला प्रमुख डॉ. संजय कुमार सिंह ने की। इस अवसर पर शरीफा और बेल जैसे फलदार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यावरण भारती के संस्थापक रामबिलास शांडिल्य ने कहा कि संस्था वर्ष 2008 से भारत के महान व्यक्तित्वों की जयंती और पुण्यतिथि पर वृक्षारोपण करती आ रही है। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य केवल पेड़ लगाना नहीं, बल्कि समाज में पर्यावरण के प्रति चेतना जगाना है। यदि हर व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसका पालन करे, तो वह पर्यावरण प्रहरी की उपाधि का अधिकारी है।”

डॉक्टर्स डे के अवसर पर यह कार्यक्रम महान चिकित्सक, स्वतंत्रता सेनानी और पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. बिधान चंद्र राय को समर्पित था। बता दें कि डॉ. राय का जन्म 1 जुलाई 1882 को बिहार के बांकीपुर (पटना) में हुआ था। वे महात्मा गांधी के निजी चिकित्सक भी रहे और 1961 में भारत रत्न से सम्मानित हुए थे। उनका निधन भी 1 जुलाई को ही हुआ था, इसलिए इस दिन को नेशनल डॉक्टर्स डे के रूप में मनाया जाता है।

इस अवसर पर आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में डॉ. संजय कुमार सिंह, उमाशंकर सिंह, केशव कुमार सिंह, रामबिलास शांडिल्य, रणवीर सिंह, अजय, आशुतोष, रूद्र प्रताप सहित कई पर्यावरण प्रेमियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित भविष्य की नींव रखने का संकल्प लिया।