पूछताछ और दर्ज बयान डिलीट करने के बाद पद्मश्री सुधा वर्गीज रिहा

  • Post By Admin on Mar 16 2023
पूछताछ और दर्ज बयान डिलीट करने के बाद पद्मश्री सुधा वर्गीज रिहा

बेगूसराय: बेगूसराय के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में होली के दिन सात वर्षीय नाबालिग के साथ हुए दुष्कर्म मामले में पीड़िता से बयान लेने के दौरान हिरासत में लिए गए पद्मश्री सुधा वर्गीज को पुलिस ने छोड़ दिया है। रात करीब डेढ़ घंटे तक पूछताछ और दुष्कर्म पीड़िता का मोबाइल में रिकॉर्ड किया गया बयान डिलीट करने के बाद पुलिस ने उन्हें थाने से मुक्त कर दिया। टीम में शामिल पीयूसीएल के राज्य सचिव और पटना हाईकोर्ट के अधिवक्ता अशोक कुमार ने कहा कि हम लोग इस संगीन मामले को लेकर सुधा वर्गीज के साथ पीड़िता से मिलने पहुंचे थे। लेकिन बातचीत करने के दौरान पुलिस ने जबरन हिरासत में लेकर मोबाइल में दर्ज किया गया बयान डिलीट कराने के बाद छोड़ा।

उल्लेखनीय है कि होली के दिन बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में एक सात वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म तथा उसकी सहेली को घायल करने की घटना विद्यालय परिसर में हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही डीएम एवं एसपी तुरंत एक्शन में आए और एसपी के आदेश पर पुलिस ने दो आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। वहीं, डीएम के निर्देश पर पहुंचे अनुमंडल प्रशासन ने सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए बड़ी पहल की। इस मामले में पुलिस पकड़े गए दोनों आरोपी को जेल भेज कर अन्य के गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। वहीं, घटना के बाद सदर अस्पताल में भर्ती पीड़िता से मिलने के लिए विभिन्न राजनीतिक दल एवं संगठनों के लोग लगातार आ रहे हैं। बीते रात करीब साढ़े आठ बजे पद्मश्री सुधा वर्गीज के नेतृत्व में कंचन वाला, सोनी कुमारी, शाईदा बाड़ी, मनी लाल, मिस होदा तथा पीयूसीएल के राज्य सचिव पटना हाईकोर्ट के अधिवक्ता अशोक कुमार सदर अस्पताल पहुंचे और पीड़िता से मुलाकात की।

मुलाकात के बाद यह लोग अपने मन के मुताबिक बयान मोबाइल में रिकॉर्ड कर रहे थे। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी ने जब विरोध किया तो दोनों आपस में उलझ गई। पुलिसकर्मी के अलावा पत्रकारों के साथ भी धक्का-मुक्की किया गया। मामले की सूचना मिलते ही पहुंची नगर थाना और महिला थाना की पुलिस ने पूरी टीम को हिरासत में ले लिया। डेढ़ घंटे से अधिक समय तक थाना में बैठाकर पूछताछ और रिकॉर्ड बयान डिलीट कराए जाने के बाद सभी को छोड़ दिया गया।