बाल संरक्षण पर हितधारकों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित

  • Post By Admin on Jan 14 2025
बाल संरक्षण पर हितधारकों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित

सीतामढ़ी : महिला एवं बाल विकास निगम, जिला बाल संरक्षण इकाई, जिला प्रशासन सीतामढ़ी, यूनिसेफ बिहार और प्रथम संस्था के संयुक्त तत्वाधान में बाल संरक्षण पर कार्यरत हितधारकों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम डुमरा कैलाशपुरी स्थित जिला बाल संरक्षण इकाई के मीटिंग हॉल में आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम उड़ान परियोजना के अंतर्गत आयोजित किया गया। जिसमें बाल संरक्षण के विभिन्न पहलुओं पर गहन चर्चा हुई।

उन्मुखीकरण सत्र के दौरान, हितधारकों को संयुक्त राष्ट्र बाल अधिकार संधि (यूएनसीआरसी) और भारतीय कानूनों के तहत बच्चों के अधिकारों के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान बाल यौन शोषण संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो), किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम और बाल श्रम (निषेध और विनियमन) अधिनियम पर भी विस्तार से चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने बच्चों के शारीरिक, भावनात्मक और मनोवैज्ञानिक जरूरतों को समझने और उनके प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता को प्रमुखता दी।

कार्यक्रम में बच्चों के शोषण या उत्पीड़न की घटनाओं की रिपोर्टिंग के महत्व पर भी विशेष ध्यान दिया गया। चाइल्ड हेल्प लाइन नंबर 1098 और अन्य माध्यमों से बच्चों की मदद करने की जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों के लिए एक सुरक्षित वातावरण तैयार करने की आवश्यकता पर चर्चा की गई, ताकि हर बच्चे को संरक्षण और सुरक्षा मिल सके।

इस कार्यक्रम में बाल संरक्षण पदाधिकारी गोविंद राम, सीडब्लूसी के सदस्य सुनीता कुमारी, किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य सुबोध राउत, एलपीओ अब्दुल रहीम, प्रथम संस्था के जिला समन्वयक सुधीर कुमार, चाइल्ड लाइन के समन्वयक बंदना कुमारी, प्रखंड समन्वयक बीरेंद्र कुमार, विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान के समन्वयक प्रियंका कुमारी, काउन्सलर रिंकू कुमारी, मोनिका कुमारी, रूपम रानी, संजीव कुमार, उपेन्द्र कुमार और अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।