नेहरू युवा केंद्र और रामवृक्ष बेनीपुरी महिला महाविद्यालय का हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान थीम पर भव्य कार्यक्रम आयोजित

  • Post By Admin on Nov 26 2024
नेहरू युवा केंद्र और रामवृक्ष बेनीपुरी महिला महाविद्यालय का हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान थीम पर भव्य कार्यक्रम आयोजित

मुजफ्फरपुर : 26 नवंबर, मंगलवार को संविधान दिवस के अवसर पर नेहरू युवा केंद्र और रामवृक्ष बेनीपुरी महिला महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई ने संयुक्त रूप से एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय परिसर में हुआ। जिसमें 250 से अधिक युवाओं ने भाग लिया। “हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान” थीम पर आधारित इस कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई। जिसे महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. ममता रानी, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अशोक कुमार निगम, नेहरू युवा केंद्र की जिला युवा अधिकारी रश्मि सिंह और अन्य गणमान्य अतिथियों ने मिलकर किया।

कार्यक्रम के दौरान एक पदयात्रा का आयोजन भी किया गया। जिसमें छात्रों और युवाओं ने संविधान के महत्व को समाज में जागरूकता फैलाने के लिए कदम से कदम मिलाकर भाग लिया। इस अवसर पर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया गया। इसके बाद एक जागरूकता संगोष्ठी और कर्तव्य संवाद का आयोजन किया गया। जिसमें डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन और उनके योगदान, भारतीय संविधान के बुनियादी तत्वों और संवैधानिक मूल्यों पर विस्तृत चर्चा की गई। 

इस कार्यक्रम के तहत एक खुली प्रश्नोत्तरी और ज्ञान प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और संविधान से जुड़ी जानकारी को अधिक गहराई से समझने का प्रयास किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. ममता रानी ने अपने संबोधन में कहा, “संविधान हमारे राष्ट्र का मार्गदर्शक दस्तावेज है। यह न केवल हमें अधिकार देता है, बल्कि कर्तव्यों को निभाने की प्रेरणा भी देता है। हमारे देश के विकास में युवा अपनी भूमिका निभा सकते हैं अगर वे संविधान के आदर्शों को आत्मसात करें।”

एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अशोक कुमार निगम ने अपने विचार साझा करते हुए कहा, “डॉ. भीमराव अंबेडकर जी ने हमें एक ऐसा संविधान दिया जो सामाजिक समानता और न्याय की नींव पर आधारित है। युवाओं को इसे गहराई से अध्ययन करना चाहिए ताकि वे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सक्षम हो सकें।” जिला युवा अधिकारी रश्मि सिंह ने कहा, “संविधान दिवस केवल एक उत्सव नहीं है, यह हमारे अधिकारों और कर्तव्यों को समझने और उनका पालन करने का एक अवसर है।”

कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा आयोजित भाषण प्रतियोगिता में डॉ. नूपुर वर्मा, डॉ. दिव्या भारद्वाज और डॉ. मीनू मनोहर ने निर्णायक मंडल के रूप में प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्रशंसा, द्वितीय स्थान गीतांजलि और तृतीय स्थान सौम्या को प्राप्त हुआ। इसके अलावा, नेहरू युवा केंद्र मुजफ्फरपुर द्वारा आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में कुल 12 विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। 

कार्यक्रम का संचालन प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. अशोक कुमार निगम द्वारा किया गया। जिन्होंने पूरे कार्यक्रम का समन्वयन किया और उपस्थित युवाओं को संविधान के महत्व के प्रति जागरूक किया। इस कार्यक्रम ने युवाओं के बीच संविधान के अधिकारों, कर्तव्यों और डॉ. अंबेडकर के योगदान के प्रति गहरी समझ उत्पन्न की और यह सुनिश्चित किया कि आने वाली पीढ़ी अपने लोकतांत्रिक कर्तव्यों के प्रति पूरी तरह जागरूक हो।