राजकीय शोक में पूसा केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में नहीं झुका राष्ट्रीय ध्वज

  • Post By Admin on Dec 31 2024
राजकीय शोक में पूसा केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में नहीं झुका राष्ट्रीय ध्वज

समस्तीपुर : देश के पूर्व प्रधानमंत्री और प्रसिद्ध अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन के बाद घोषित राजकीय शोक के 4 दिन बाद भी बिहार के समस्तीपुर जिले के पूसा स्थित डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय ध्वज आधा नहीं झुका। जबकि पूरे देश में सरकार के आदेश के तहत शोक अवधि में तिरंगे को आधा झुका दिया गया है। इस मामले को लेकर भाकपा-माले ने विश्वविद्यालय के कुलपति और कुलसचिव पर कार्यवाही की मांग की है और इसे पूर्व प्रधानमंत्री का अपमान करार दिया है। भाकपा-माले के प्रखंड सचिव अमित कुमार ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि भारत सरकार के केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर सात दिनों का राजकीय शोक घोषित किया गया था जो 26 दिसंबर 2024 से 1 जनवरी 2025 तक है। इस शोक अवधि में केंद्रीय गृह मंत्रालय के आदेश के अनुसार उन सभी स्थानों पर जहां राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है उसे शोक के सम्मान में आधा झुकाने का आदेश दिया गया था। अमित कुमार ने आरोप लगाया कि इस आदेश की अवहेलना करते हुए पूसा केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय ध्वज को शोक अवधि के चार दिन बाद भी आधा नहीं झुकाया गया और यह सामान्य रूप से ऊंचा फहराया जाता रहा। उन्होंने कहा, “यह बहुत गंभीर और अपमानजनक है। विश्वविद्यालय के कुलपति और कुलसचिव ने न केवल सरकार के आदेश की अवहेलना की बल्कि डॉ. मनमोहन सिंह के प्रति असम्मान भी व्यक्त किया।” भाकपा-माले ने इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह घोर लापरवाही और तानाशाही का मामला है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पार्टी ने दावा किया कि वह इस मामले को उच्च स्तर पर उठाएगी और महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और कांग्रेस के अध्यक्ष को पत्र लिखकर कुलपति और कुलसचिव पर कार्रवाई की मांग करेगी। अमित कुमार ने कहा, “पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके योगदान को नकारना या उनका अपमान करना देश के लिए निंदनीय है। हम इस मामले में कड़ी कार्यवाही की मांग करते हैं।”