मुजफ्फरपुर की बेटी मुस्कान केशरी कई सम्मानों से सम्मानित

  • Post By Admin on Aug 08 2024
मुजफ्फरपुर की बेटी मुस्कान केशरी कई सम्मानों से सम्मानित

मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर की लेखिका मुस्कान केशरी को विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों और कार्यक्रमों में सम्मानित किया गया है, जिससे उनकी ख्याति लगातार फैल रही है। अयोध्या में पद्मनाम साहित्यिक संस्था ने उन्हें "श्रीराम रत्न सम्मान 2024" प्रदान किया। इसके अलावा, मुजफ्फरपुर में काव्य हिंदुस्तान अंतरराष्ट्रीय साहित्य समूह द्वारा "आचार्य जानकी वल्लभ शास्त्री साहित्य शिखर सम्मान 2024" से सम्मानित किया गया। आशीर्वाद की ओर से उन्हें "किचन क्वीन" का खिताब मिला और नवादा में "युगल किशोर मिश्र स्मृति सम्मान 2024" प्रदान किया गया।

संभल, उत्तर प्रदेश में आयोजित "राष्ट्रीय काव्य संगम महोत्सव" में भी उन्हें सम्मानित किया गया। नारी तू नारायणी मंच ने उन्हें "काव्य साहित्य विभूति" सम्मान से नवाजा, और मुजफ्फरपुर में कलाश्री और इप्टा द्वारा "कलाश्री व इप्टा सांस्कृतिक महापर्व 2024" में सम्मानित किया गया। शिवाजी महाराज की जयंती के अवसर पर और अन्य कई जगहों पर भी मुस्कान को सम्मान प्राप्त हुआ है। उनकी रचनाएं विभिन्न प्रदेशों के समाचार पत्रों, पत्रिकाओं और साझा संकलन पुस्तकों में प्रकाशित होती रहती हैं।

मुस्कान केशरी एक बहुमुखी प्रतिभावान लड़की हैं, जिन्होंने बिहार के 38 जिलों का साइकिल यात्रा के माध्यम से भ्रमण किया है। वे एक ब्यूटीशियन भी हैं और लड़कियों को खूबसूरती से सजाने में माहिर हैं। मुजफ्फरपुर के एक स्कूल में वे शिक्षिका के रूप में बच्चों को शिक्षा देती हैं और पूर्व एनसीसी कैडेट भी रह चुकी हैं। लोकनृत्य और लोकगान के क्षेत्र में उनकी विशेष रुचि है, और उन्हें कई कार्यक्रमों में आमंत्रित किया जाता है।

मुस्कान केशरी द्वारा स्थापित एम एस केशरी पब्लिकेशन एक नि:शुल्क साहित्यिक पब्लिकेशन है, जो नवोदित लेखकों को मंच प्रदान करता है। इस पब्लिकेशन ने अब तक हजारों नवोदित लेखक और लेखिका को मंच प्रदान किया है, जिससे वे अपनी प्रतिभा को राष्ट्र स्तर पर प्रस्तुत कर सकते हैं।

मुस्कान केशरी का जीवन साहित्यिक, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को समर्पित है। वे हर क्षेत्र में निरंतर कार्य करती रहती हैं और अपने कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करती हैं। उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें विभिन्न मंचों पर मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि और आमंत्रित स्वर के रूप में आमंत्रित किया जाता है।