महिला पहलवानों के समर्थन में संयुक्त किसान मोर्चा का अखिल भारतीय विरोध प्रदर्शन

  • Post By Admin on Jun 01 2023
महिला पहलवानों के समर्थन में संयुक्त किसान मोर्चा का अखिल भारतीय विरोध प्रदर्शन

मुजफ्फरपुर : महिला कुश्ती खिलाड़ियों के साथ यौन शोषण के आरोपी बृजभूषण शरण सिंह को गिरफ्तार कर तेजी से चार्जशीट दाखिल करने और अभियोजन के लिए उनकी हिरासत में पूछताछ करने, महिला पहलवानों के साथ क्रूरता के लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाई करने और भारतीय महिला पहलवानों को जंतर-मंतर पर विरोध जारी रखने की अनुमति देने की मांग को लेकर आज 1 जून 2023 को संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर अखिल भारतीय विरोध प्रदर्शन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत शहीद खुदीराम बोस स्मारक स्थल से जुलूस के रूप में हुई जो कंपनीबाग होते हुए जिलाधिकारी के समक्ष पहुंचा और सभा में तब्दील हो गया। जुलूस में शामिल लोग भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह को गिरफ्तार करो, देश में महिलाएं सुरक्षित क्यों नहीं? मोदी सरकार जवाब दो, जंतर- मंतर पर जनवादी आंदोलन पर रोक क्यों? मोदी सरकार शर्म करो, देश की बेटियों को न्याय देना होगा, पॉक्सो एक्ट के तहत बृजभूषण शरण को अविलंब गिरफ्तार करो आदि रोष पूर्ण नारा लगा रहे थे। 

प्रदर्शन सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने संयुक्त रूप से कहा कि महिला पहलवान 23 अप्रैल 2023 से दिल्ली के जंतर-मंतर पर यौन शोषण के खिलाफ धरना दे रही है क्योंकि केंद्र सरकार जनवरी 2023 में आरोपी सांसद के खिलाफ जांच करने और आवश्यक कदम उठाने के लिए खिलाड़ियों से किए गए वादे को पूरा करने में विफल रहे। माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर दिल्ली पुलिस ने आरोपी बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज की गई लेकिन अभी तक पॉक्सो एक्ट के तहत उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई। यहां तक की अभियोजन को भी पुलिस रोके हुए हैं। इसके खिलाफ आज पूरे देश भर में जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा गया है। आज पूरे देश में शांतिपूर्ण आंदोलन पर भी पुलिस द्वारा दमन किया जा रहा है। यहां तक की जंतर-मंतर को पुलिस घेरा में तब्दील कर दिया गया है। यह पूरी तरह से गलत और अलोकतांत्रिक है। किसान की बेटी जो खेल के माध्यम से दुनिया में भारत का नाम रौशन करती है। आज उनके साथ केंद्र सरकार द्वारा अत्यंत क्रूरता के साथ व्यवहार किया जा रहा है। केंद्र की भाजपा सरकार हमेशा बलात्कारियों को संरक्षण दे रही है। इसका उदाहरण कठुआ उन्नाव और बिलकिस बानो समूह रेप की घटना है। कठुआ में बालिकाओं के साथ सामूहिक बलात्कार कर उन्हें मध्य रात्रि में अभिभावकों को मृत शरीर सौंपने के बजाय पुलिस अभिरक्षा में जलाई गई। उन्नाव में कुलदीप सिंह सेंगर द्वारा लड़कियों को रेप किया गया और सेंगर को बचाने के लिए भाजपा के एमएलए और मंत्री सड़क पर उतर गए। बिलकिस बानो सामूहिक बलात्कार में दोषियों को केंद्र सरकार द्वारा रिहा कराई गई और उन्हें माला पहनाकर के सम्मान किया गया। भाजपा का यह चरित्र महिला विरोधी और अत्यंत घिनौना है। इसके खिलाफ हम तमाम लोगों को एकजुट होकर महिला खिलाड़ियों के समर्थन में आंदोलन तेज करने के लिए आगे आना होगा। 

कार्यक्रम को ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन से राज्य अध्यक्ष लालबाबू महतो, एआईकेएमकेएस से उदय चौधरी, एआईकेएमएस रुदल राम, एआईकेएफ से भूपनारायण सिंह ने संयुक्त रूप से अपनी बातों को रखा। अंत में 3 सूत्री मांगों का ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से माननीय राष्ट्रपति द्रोपति मुर्मू जी के नाम सौंपा गया। अंत में विकल्प के साथी  विभाकर, पूजा, अमन, रूपा, नारायण कुमार, आनंद कुमार और विमल ने "आंसू नहीं ये अंगारे हैं...और दिल्ली के चक्का होई जाम हो गीत प्रस्तुत किया। 

कार्यक्रम की अध्यक्षता लालबाबू महतो ने किया। कार्यक्रम में लालबाबू राय, काशीनाथ साहनी, विपिन कुमार ठाकुर, विपिन शाही, कालीकांत झा, कौशल भक्त, राजू साह, ओमप्रकाश सिंह, शिव शंकर सिंह, रामवृक्ष राम, नंदकिशोर तिवारी, चंद्रमोहन प्रसाद सहित दर्जनों लोग शामिल हुए।