मुजफ्फरपुर में बिजली की आंख-मिचौनी से लोग परेशान, लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग ने बढ़ाई मुश्किल

  • Post By Admin on Aug 24 2026
मुजफ्फरपुर में बिजली की आंख-मिचौनी से लोग परेशान, लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग ने बढ़ाई मुश्किल

मुजफ्फरपुर: शहर के कई इलाकों में रविवार से सोमवार शाम तक बिजली आपूर्ति की अनियमितता ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। एमआईटी, बैरिया, ब्रह्मपुरा, लक्ष्मी चौक, दामोदरपुर, भगवानपुर, मिस्काट, एसकेएमसीएच और चंदवारा समेत कई इलाकों में बिजली के बार-बार आने-जाने, लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग की शिकायतें सामने आईं।

एमआईटी पावर सब-स्टेशन में करीब आधे घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। वहीं भगवानपुर इलाके में सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे एनएच-28 पर महावीर अस्पताल के पास एक फ्लैक्स बिजली के तार पर गिर गया। इसके कारण आनंदपुरी फीडर की बिजली आपूर्ति करीब आधे घंटे तक प्रभावित रही।

बिजली की अनियमित आपूर्ति के बीच गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। कई इलाकों में लोग बार-बार बिजली कटने और वोल्टेज कम होने से परेशान रहे। बिजली विभाग के अनुसार, बढ़ते तापमान के कारण एसी, कूलर और पंखों का इस्तेमाल बढ़ने से बिजली की मांग में इजाफा हुआ है। बढ़े हुए लोड के कारण ट्रांसफॉर्मरों पर दबाव बढ़ रहा है, जिसके चलते ट्रिपिंग और लोकल फॉल्ट जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। विभाग की ओर से लोड बढ़ने के कारण उत्पन्न तकनीकी समस्याओं को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, लगातार बिजली की आंख-मिचौनी के कारण शहर के कई इलाकों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।