मुजफ्फरपुर : जिला समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन की अध्यक्षता में बाढ़ पूर्व तैयारी और सूखा प्रबंधन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि निर्वाचन कार्य की तरह ही आपदा प्रबंधन को भी पूरी जिम्मेदारी से अलर्ट मोड में रखा जाए।
जिलाधिकारी ने जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंताओं को गंडक और बागमती के तटबंधों का स्वयं निरीक्षण करने और आवश्यक सुदृढ़ीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अंचलाधिकारियों को बाढ़ नियंत्रण कर्मियों के साथ मिलकर तटबंधों की सुरक्षा व्यवस्था का सप्ताह भर में आकलन करने को कहा गया।
सभी अंचल अधिकारियों को सरकारी और निजी नावों का निरीक्षण, निबंधन और एकरारनामा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। अनुमंडल पदाधिकारियों को नावों की भार वहन क्षमता का आकलन और नाविकों की सूची तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
प्रखण्ड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी को गर्भवती महिलाएं, बीमार और दिव्यांग व्यक्तियों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए। इसके लिए पंचायत के विकास मित्र और सचिवों का सहयोग लेने को कहा गया।
बाढ़ आश्रय स्थलों की पहचान के लिए प्रखण्ड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी को जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करने और एक सप्ताह के भीतर सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए। सिविल सर्जन को दवाओं, मोबाइल मेडिकल टीम और मेडिकल कैम्प की तैयारी सुनिश्चित करने को कहा गया।
पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में शौचालय और पेयजल की व्यवस्था की निगरानी और जिला पशुपालन पदाधिकारी को पशु दवाओं, चारे और आश्रय स्थलों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
सूखा की संभावना को देखते हुए, पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता को बंद पड़े चापाकलों को चालू करने और किसानों के लिए सिंचाई व्यवस्था को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने नीलाम पत्र पदाधिकारियों को भूमि मामलों का त्वरित निष्पादन करने के निर्देश दिए। उन्होंने पारू के अंचलाधिकारी के कार्य की सराहना की, जिन्होंने फरवरी से अब तक 32,429 आवेदन में से 51,920 मामलों का निष्पादन किया है।
आवास योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने योजना की साप्ताहिक समीक्षा और प्रगति लाने का निर्देश उप विकास आयुक्त को दिया। सभी अधिकारियों को मुख्यालय में बने रहने, जन प्रतिनिधियों का फोन उठाने, और भूमि विवादों की सुनवाई शनिवार को करने की हिदायत दी गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री आशुतोष द्विवेदी, अपर समाहर्ता श्री संजीव कुमार, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन श्री मनोज कुमार, और अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं प्रखण्ड विकास पदाधिकारी उपस्थित थे।




















