मुजफ्फरपुर में मां पर ढाई साल के बेटे को जहर देने का आरोप, मासूम की मौत
- Post By Admin on Aug 21 2026
मुजफ्फरपुर: रामपुरहरि थाना क्षेत्र के टेंगराहा उत्तर टोला में ढाई साल के मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान आर्यन के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने उसकी मां आरती देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, बच्चे को कथित तौर पर बिस्किट में जहरीला पदार्थ मिलाकर खिलाने की बात सामने आई है।
घटना के बाद सूचना मिलने पर रामपुरहरि थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से विभिन्न नमूने एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल भेज दिया। बताया जा रहा है कि घटना के समय आरती की सास गीता देवी और ससुर कैलाश राम किसी काम से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान कथित तौर पर आरती ने बच्चे को बिस्किट खिलाया। कुछ देर बाद आर्यन की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। सूचना मिलने पर परिवार के लोग पहुंचे और ग्रामीण चिकित्सक को बुलाया गया, लेकिन तब तक बच्चे की मौत हो चुकी थी।
बच्चे की तबीयत बिगड़ने के बाद आरती के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के अनुसार बच्चे के मुंह से झाग निकल रहा था। मासूम की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। दादी गीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल था और वह बार-बार बेहोश हो रही थीं।पुलिस ने आरती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थानेदार अंजली कुमारी के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बच्चे की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम और एफएसएल जांच की रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होने की उम्मीद है।
परिजनों के अनुसार, आरती की शादी करीब सात वर्ष पहले सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के सोढ़ना माधोपुर निवासी राजेंद्र राम की पुत्री आरती से अखिलेश राम के साथ हुई थी। बताया गया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आर्यन के पिता अखिलेश राम परिवार के भरण-पोषण के लिए पंजाब में मजदूरी करते हैं। घटना की जानकारी उन्हें फोन के माध्यम से दी गई। आरती गर्भवती बताई जा रही है और उसका करीब एक वर्ष का एक और बेटा भी है। मामले की जांच के दौरान पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पूछताछ कर रही है। फिलहाल बच्चे की मौत के कारण और घटना की पूरी परिस्थितियों को लेकर जांच जारी है।