मुजफ्फरपुर में ज्वेलरी शॉप से 6 लाख के आभूषण चोरी, ग्राहक बनकर आए बदमाश 15 अंगूठियां ले उड़े
- Post By Admin on Aug 21 2026
मुजफ्फरपुर: बोचहां थाना क्षेत्र के सरफुद्दीनपुर बाजार स्थित गोपालपुर में एक ज्वेलर्स दुकान से करीब 6 लाख रुपये के सोने के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि दो बदमाश ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचे और दुकानदार को बातचीत में उलझाकर करीब 15 सोने की अंगूठियां लेकर फरार हो गए।
घटना गुरुवार शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है। मंजू ज्वेलर्स के संचालक अजय साह दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान दो व्यक्ति ग्राहक बनकर पहुंचे और आभूषण खरीदने की बात कही। दोनों ने दुकानदार को बातचीत में उलझाए रखा और कथित तौर पर 1,000 रुपये एडवांस भी दिए। इसी दौरान आरोपियों ने करीब 40 ग्राम वजन की 15 सोने की अंगूठियां कथित रूप से चोरी कर लीं। चोरी हुए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई जा रही है। वारदात के बाद दोनों संदिग्ध दुकान से निकलकर फरार हो गए। दुकानदार को तत्काल चोरी की जानकारी नहीं हो सकी। रात करीब 9 बजे जब अजय साह का बेटा दुकान बंद करने पहुंचा और रोजाना की तरह CCTV फुटेज देखने लगा, तब मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद दुकान में रखे आभूषणों और तिजोरी की जांच की गई तो 15 अंगूठियां गायब मिलीं।
घटना की सूचना मिलने के बाद बोचहां पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस संदिग्धों की पहचान करने के साथ उनकी गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है। बोचहां थानाध्यक्ष यशवंत कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले में अभी तक लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। हालांकि, पुलिस घटना की जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद सरफुद्दीनपुर बाजार के अन्य दुकानदारों में भी चिंता का माहौल है। स्थानीय दुकानदारों ने बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।