मेगा राजस्व शिविर : उपमुख्यमंत्री करेंगे भूमि विवादों का ऑन-द-स्पॉट समाधान

  • Post By Admin on Dec 14 2025
मेगा राजस्व शिविर : उपमुख्यमंत्री करेंगे भूमि विवादों का ऑन-द-स्पॉट समाधान

लखीसराय : बिहार के उपमुख्यमंत्री सह भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में लखीसराय में सोमवार को एक ऐतिहासिक मेगा राजस्व शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिला टाउन हॉल में प्रातः 9 बजे से शुरू होने वाले इस शिविर को लेकर आम जनता में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

भारतीय जनता पार्टी लखीसराय के जिलाध्यक्ष श्री दीपक कुमार सिंह ने जानकारी दी कि इस शिविर में वर्षों से लंबित म्यूटेशन, दाखिल-खारिज, भूमि विवाद सहित सभी प्रकार की राजस्व संबंधी समस्याओं का एक ही मंच पर त्वरित निस्तारण किया जाएगा। शिविर में राज्य स्तर से लेकर जिला और अंचल स्तर तक के सभी संबंधित अधिकारी एवं राजस्व कर्मी मौजूद रहेंगे, जिससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

उन्होंने बताया कि सुबह 9 बजे से 11 बजे तक पंजीकरण की प्रक्रिया चलेगी। जिन आवेदकों की शिकायतें पहले से ब्लॉक, थाना, एसडीओ या डीसीएलआर स्तर पर लंबित हैं, उन्हें पुरानी रसीदों के आधार पर प्राथमिकता दी जाएगी।

मेगा शिविर में डिजिटल दस्तावेजीकरण और पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से भ्रष्टाचार मुक्त राजस्व व्यवस्था को लागू करने पर विशेष जोर रहेगा। उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा का लक्ष्य लखीसराय को भूमि सुधार के क्षेत्र में एक मॉडल जिला बनाना है। इसके तहत सरकारी जमीनों के रिकॉर्ड को अपडेट कर लैंड बैंक तैयार करने की भी योजना है।

श्री दीपक सिंह ने बताया कि सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण हटाने को लेकर सख्त रुख अपनाया जाएगा और जनहित में बाधा बनने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित होगी। वहीं, भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारियों को सुधार के लिए 15 दिनों का अल्टीमेटम दिया गया है।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने जिलेवासियों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज और रसीदों के साथ शिविर में पहुंचें और इस जनहितकारी पहल का लाभ उठाएं। उन्होंने यह भी कहा कि उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा प्रत्येक रविवार को जनता दरबार के माध्यम से आम लोगों की समस्याएं सुनते हैं और भाजपा कार्यकर्ता हर स्तर पर जनता की मदद के लिए तत्पर हैं।

अंत में उन्होंने कहा कि यह मेगा राजस्व शिविर न केवल राजस्व विभाग की छवि सुधारने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा, बल्कि जनता का विश्वास भी मजबूत करेगा।