सावन की अंतिम सोमवारी पर खगेश्वरनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

  • Post By Admin on Aug 24 2026
सावन की अंतिम सोमवारी पर खगेश्वरनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

मुजफ्फरपुर: सावन की अंतिम सोमवारी पर बंदरा प्रखंड के मतलुपुर स्थित प्रसिद्ध बाबा खगेश्वरनाथ महादेव मंदिर में आस्था का जनसैलाब देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। जानकारी के अनुसार, 50 हजार से अधिक भक्तों ने बाबा खगेश्वरनाथ का जलाभिषेक किया।

अंतिम सोमवारी को लेकर श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना रविवार देर रात से ही शुरू हो गया था। सोमवार को जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, भक्तों की संख्या बढ़ती गई। दूर-दराज के इलाकों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने कतार में लगकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और पूजा-अर्चना की।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन पहले से अलर्ट रहा। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौके पर तैनात रहे, जबकि मंदिर न्यास समिति के पदाधिकारी और सदस्य भी श्रद्धालुओं की व्यवस्था संभालने में जुटे रहे। पूरे दिन मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंजता रहा। अंतिम सोमवारी को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जलाभिषेक और दर्शन के लिए भक्तों की आवाजाही देर तक जारी रही। शाम में बाबा खगेश्वरनाथ का विशेष महाशृंगार किया गया। इसके बाद प्रधान पुजारी ने आरती संपन्न कराई। महाशृंगार और आरती के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल और भी गहरा गया। खगेश्वरनाथ मंदिर में अंतिम सोमवारी के अवसर पर उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर मतलुपुर धाम की धार्मिक आस्था और श्रद्धालुओं के बीच इसकी विशेष महत्ता को सामने ला दिया।