लातेहार : झारखंड के कुख्यात माओवादी और 15 लाख के इनामी नक्सली छोटू खरवार की आपसी विवाद में हत्या हो गई। यह घटना मंगलवार देर रात लातेहार जिले के नवाडीह इलाके में हुई। छोटू खरवार माओवादी संगठन के शंख और कोयल जोन का प्रमुख था और 100 से अधिक नक्सली घटनाओं का मुख्य अभियुक्त था। छोटू खरवार का नाम राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल था।
एनआईए ने उस पर तीन लाख का इनाम घोषित किया था। वह बूढ़ापहाड़ पर हुए अभियान 'ऑक्टोपस' के बाद माओवादी संगठन की कमान संभालने के लिए चर्चित था। गुमला, लोहरदगा और लातेहार जिलों में उसके नेतृत्व में माओवादी गतिविधियां चलती थीं। हाल ही में छोटू खरवार ने लेवी वसूली के लिए कई हिंसक वारदातें की थीं जिनमें लातेहार के छिपादोहर इलाके में एक दैनिक वेतनभोगी कर्मी की हत्या शामिल है। पुलिस को सूचना मिली थी कि बूढ़ापहाड़ से भागे माओवादी अब छोटू खरवार के नेतृत्व में संगठित हो रहे हैं।
छोटू खरवार की मौत माओवादी संगठन में आंतरिक कलह और बढ़ते विवादों का संकेत देती है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इसे माओवाद के खिलाफ एक बड़ी सफलता मान रही हैं। छोटू खरवार पर लातेहार और अन्य जिलों में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। उसकी मौत से क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों पर असर पड़ने की संभावना है।
























