बीवाई मेमोरियल स्कूल में कराटे और योग प्रशिक्षण शिविर, विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवन के मिले टिप्स
- Post By Admin on Sep 19 2026
जमुई : सोनो प्रखंड के काली पहाड़ी स्थित बीवाई मेमोरियल स्कूल में जेनिथ सोशल फाउंडेशन की ओर से कराटे एवं योग प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विद्यार्थियों को आत्मरक्षा के लिए कराटे के विभिन्न अभ्यास कराए गए। इसके साथ ही योग के माध्यम से शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के तरीके बताए गए।
जेनिथ सोशल फाउंडेशन के जिला महासचिव पियुष बरनवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नियमित योग और व्यायाम के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और निरोग जीवन के लिए शारीरिक गतिविधियों को दिनचर्या का हिस्सा बनाना जरूरी है। विद्यार्थियों को प्रतिदिन योग और व्यायाम करने के साथ सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।जेनिथ सोशल फाउंडेशन ने बताया कि संस्था बच्चों के स्वास्थ्य और खेल प्रतिभा को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को खेल, योग और शारीरिक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
प्रशिक्षण शिविर के दौरान बच्चों को कराटे के अभ्यास के जरिए आत्मविश्वास और अनुशासन विकसित करने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया। संस्था की ओर से कहा गया कि बच्चों को कम उम्र से ही खेल और योग से जोड़ने से उनके शारीरिक विकास के साथ व्यक्तित्व विकास में भी मदद मिलती है। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक सोनु सर, पुनित कुमार, निखिल कुमार, आदित्य कुमार, सुलेखा मैम, निशा मैम और रिशु राज सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।