प्रेमचंद रंगशाला में एक भारत श्रेष्ठ भारत सांस्कृतिक महोत्सव का भव्य समापन

  • Post By Admin on Aug 10 2024
प्रेमचंद रंगशाला में एक भारत श्रेष्ठ भारत सांस्कृतिक महोत्सव का भव्य समापन

पटना: पूर्व क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, कोलकाता और बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 9-10 अगस्त, 2024 को प्रेमचंद रंगशाला, पटना में "एक भारत श्रेष्ठ भारत" सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया गया। इस महोत्सव के अंतर्गत तीन प्रमुख कार्यक्रम - "हर घर तिरंगा", "प्रतिभा चयन प्रदर्शन", और "एक भारत श्रेष्ठ भारत" आयोजित किए गए। त्रिपुरा, मिजोरम और बिहार के लोक कलाकारों ने अपने सांस्कृतिक धरोहर को संगीत और नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया। इस कार्यक्रम का इंटरनेट के माध्यम से सीधा प्रसारण पूरे देश में किया गया, जिससे इन कलाकारों और उनकी कला को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके।

10 अगस्त को महोत्सव के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग की सचिव श्रीमती रूबी, बिहार संगीत नाटक अकादमी के सचिव अनिल कुमार सिन्हा, और संगीत नाटक अकादमी सम्मान प्राप्त संजय उपाध्याय उपस्थित रहे।

सायं 4:30 बजे से "प्रतिभा चयन प्रदर्शन" के तहत बिहार के युवा उत्सव के विजेता कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियाँ दीं। इनमें लोकगीत, बाँसुरी, गायन, कत्थक और ओडिसी नृत्य जैसी विविध विधाओं के युवा कलाकार शामिल थे, जिनका उद्देश्य राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना है। इन प्रतिभागियों में अमीषा और उनके दल, मनीष कुमार, दामिनी कुमारी, रंजीता प्रजापति, रिशिका भारती, यामिनी, नीरज पटेल और उनके दल, सृष्टि लक्ष्मी, तथा प्रवीण कुमार और उनके दल ने अपनी कला का प्रदर्शन किया।

इसके बाद, "एक भारत श्रेष्ठ भारत" कार्यक्रम के तहत त्रिपुरा, मिजोरम और बिहार के कलाकारों ने अपने-अपने लोकनृत्यों का फ्यूजन प्रस्तुत किया। मिजोरम के जोनून इंस्टीट्यूट ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट एंड कल्चर हेरिटेज द्वारा जूलियट शैलो के नेतृत्व में मिजोरम के लोकनृत्यों का प्रदर्शन किया गया। इसके बाद, त्रिपुरा के खुमपुई कल्चरल ग्रुप ने नृत्यगुरू पांचाली देववर्मा के निर्देशन में अपने लोकनृत्यों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी।

बिहार के गौतम कुमार और उनके दल ने अपने लोकनृत्यों से समां बांध दिया। अंत में, तीनों राज्यों की पारंपरिक वेषभूषाओं का प्रदर्शन करते हुए एक फैशन शो का आयोजन किया गया, साथ ही तीनों राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए गए।

समारोह के समापन सत्र में पूर्व क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, कोलकाता के उप सचिव श्री तापस सामंतराय और सहायक अभियंता श्री राजर्षी चंद्रा ने समारोह से जुड़े सभी लोगों को धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया।