मुजफ्फरपुर : जिला के नगर पंचायत माधोपुर सुस्ता स्थित विशुनपुर गिद्धा गांव में गोल्डन जैकाल ने दहशत का माहौल बना रखा है। पिछले दो दिनों में जैकाल ने 16 लोगों को अपना शिकार बनाया है, जिसमें बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। यह खूंखार जानवर घर के दरवाजे पर खेल रहे बच्चों को अपना निशाना बना रहा है, और जब बच्चे चिल्लाते हैं, तो उन्हें बचाने आई महिलाओं पर भी हमला कर गंभीर रूप से घायल कर रहा है।

हालांकि वन विभाग ने इस जानलेवा जैकाल को पकड़ने के लिए पांच कैचर्स की टीम तैनात की है, लेकिन अभी तक इसे काबू नहीं किया जा सका है। वन विभाग की टीम लगातार गांव में कैंप कर रही है, पर जैकाल का आतंक खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है।

गोल्डन जैकाल ने वार्ड संख्या 5 में दरवाजे पर खेल रहे चार वर्षीय सूरज को भी अपना शिकार बना लिया। सूरज के चेहरे, गर्दन और नाक पर गंभीर जख्म आए हैं, जिसके चलते उसे 20 से अधिक टांके लगाए गए हैं। इसके अलावा, सूरज को बचाने आए उसके पिता संजीत राय पर भी जैकाल ने हमला किया और उन्हें भी बुरी तरह घायल कर दिया। ग्रामीणों और परिजनों ने फौरन दोनों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज किया।

गोल्डन जैकाल के हमले के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीण रात भर लाठी, डंडा, आग जलाकर और टीन के डब्बे बजाकर जागते रहे। गांव के कई और लोग जैसे अनन्या कुमारी, किशन राय, सुमन, गौतम, महमूद आलम और निशा कुमारी भी जैकाल के हमलों में घायल हुए हैं। जैकाल ने नहर किनारे तंबू लगाकर रह रहे नट समुदाय की दो वर्षीय बच्ची मौसम पर भी हमला किया और उसे गंभीर रूप से घायल कर भाग निकला।

जैकाल के हमलों से भयभीत ग्रामीण अपने बच्चों को घरों में कैद करने को मजबूर हो गए हैं। गांव में हर ओर दहशत का माहौल है, और वन विभाग की टीम जैकाल को पकड़ने के लिए प्रयासरत है। बावजूद इसके, अब तक इस खतरनाक जानवर को पकड़ने में सफलता नहीं मिल सकी है।