सफलता के साथ मानसिक सेहत भी जरूरी: बीपी इंद्रप्रस्थ स्कूल में 'मेंटल हेल्थ' पर विशेष कार्यशाला
- Post By Admin on Aug 21 2026
मुजफ्फरपुर : जिला के मिठनपुरा स्थित बीपी इंद्रप्रस्थ स्कूल में 'गो अप फाउंडेशन' के तत्वावधान में मानसिक स्वास्थ्य पर आधारित एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे ब्रह्माकुमारीज़ के भास्कर भाई ने विद्यार्थियों को मानसिक तनाव, डिप्रेशन और एंजाइटी से सफलतापूर्वक निपटने के व्यावहारिक तरीके बताए।
कार्यशाला के दौरान भास्कर भाई ने महान हस्तियों के जीवन संघर्षों और उनकी सफलताओं के उदाहरण देकर बच्चों को प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य और कड़ी मेहनत से लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। इसके साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों के जीवन में समय के सदुपयोग और सही दिनचर्या के महत्व पर विशेष जोर दिया।
इंटरैक्टिव सेशन और मेंटल हेल्थ प्लेज
कार्यक्रम के दौरान एक विशेष प्रश्नोत्तर सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने अपनी मन की बात, दैनिक तनाव और पढ़ाई से जुड़े सवालों को खुलकर सामने रखा। भास्कर भाई ने बच्चों की सभी समस्याओं का सहजता से समाधान करते हुए उनका मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित बच्चों को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी एक विशेष शपथ (Mental Health Pledge) भी दिलाई गई।
अभिभावकों की भूमिका पर चर्चा
कार्यक्रम में बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों की सजगता को भी अत्यंत महत्वपूर्ण बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि माता-पिता को बच्चों पर अपनी इच्छाएं थोपने के बजाय उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार करियर चुनने में सहायता करनी चाहिए, ताकि हर बच्चा मानसिक रूप से स्वस्थ रहकर सफलता प्राप्त कर सके।
प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति
इस अवसर पर संस्था की निर्देशिका पूनम शर्मा, संगीता वर्मा और स्कूल के प्रिंसिपल रणजीत कुमार श्रीवास्तव सहित विद्यालय के शिक्षकगण मौजूद रहे। कार्यक्रम में लगभग 100 से अधिक बच्चों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। आयोजकों ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य हर बच्चे को मानसिक रूप से मजबूत, स्वस्थ और सफल बनाना है।