ई-रिक्शा सवार महिला से तीन लाख के गहने लूटे, चालक ने बदमाशों से लिया मोर्चा

  • Post By Admin on Aug 24 2026
ई-रिक्शा सवार महिला से तीन लाख के गहने लूटे, चालक ने बदमाशों से लिया मोर्चा

मुजफ्फरपुर: सकरा थाना क्षेत्र के दुबहा राजपूत द्वार के पास दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने ई-रिक्शा से जा रही एक महिला से सोने की चेन, मंगलसूत्र समेत करीब तीन लाख रुपये के आभूषण झपट लिए। घटना के बाद ई-रिक्शा चालक ने बदमाशों का पीछा कर उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान बदमाशों की बाइक गड्ढे में पलट गई, जिससे एक बदमाश घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने पति के साथ ई-रिक्शा से पिपरी चौक से दुबहा स्थित अपनी बहन के घर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने महिला के गले से सोने की चेन, मंगलसूत्र और अन्य आभूषण झपट लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के कुछ देर बाद दोनों बदमाश दोबारा उसी रास्ते से लौटे। महिला ने उन्हें पहचानकर शोर मचाया। इसके बाद ई-रिक्शा चालक ने बदमाशों का रास्ता रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान बदमाशों की बाइक गड्ढे में पलट गई और एक बदमाश घायल हो गया। इसके बाद बदमाशों और ई-रिक्शा चालक के बीच हाथापाई भी हुई। बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से भाग निकले।

बाद में डिहुली गांव के जंगल के पास ग्रामीणों ने एक घायल बदमाश को पकड़ लिया। उसकी पहचान वैशाली जिले के महनार निवासी मोहम्मद साहिल के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए सकरा सीएचसी में भर्ती कराया। उसका दूसरा साथी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल से बदमाशों की बाइक बरामद कर ली है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।