आस्था फाउंडेशन के वॉक फॉर लाइफ मुहिम में डॉ. दिवाकर ने दिए हेल्थ टिप्स
- Post By Admin on Jan 20 2025

हाजीपुर : आस्था फाउंडेशन द्वारा चलाए जा रहे “वॉक फॉर लाइफ” मुहिम के तहत केन्द्रीय राजस्व विभाग के अधिकारियों को संबोधित करते हुए मशहूर फिजिशियन डॉक्टर दिवाकर तेजस्वी ने डाइबिटीज और ब्लड प्रेशर जैसी जीवनदायिनी बीमारियों से बचने के लिए पैदल चलने की आवश्यकता पर जोर दिया।
डॉक्टर दिवाकर तेजस्वी ने अपने संबोधन में कहा कि आजकल डाइबिटीज और ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियों के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है, जो कि एक गंभीर चिंता का विषय बन गया है। उन्होंने विशेष रूप से डाइबिटीज की बढ़ती महामारी पर ध्यान आकर्षित किया। जिसमें बताया कि हर दस भारतीयों में से लगभग चार लोग इस बीमारी से प्रभावित हैं। इसके लिए उन्होंने जीवनशैली और खानपान में परिवर्तन को मुख्य कारण बताया।
उन्होंने कहा, “आजकल फास्ट फूड का चलन बढ़ रहा है और लोगों की खानपान में कोई नियंत्रण नहीं है। इस अस्वास्थ्यकर जीवनशैली के कारण डाइबिटीज जैसे गंभीर रोग लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। साथ ही, मानसिक तनाव भी इस बीमारी को और बढ़ा देता है।”
डॉक्टर दिवाकर ने डाइबिटीज को ‘साइलेंट किलर’ करार देते हुए इसके प्रति जागरूक रहने और इससे बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पैदल चलना एक प्रभावी उपाय है। जिससे न केवल डाइबिटीज बल्कि ब्लड प्रेशर जैसी समस्याओं से भी बचा जा सकता है।
इस कार्यक्रम में डाइटीशियन चेतन कुमार ने भी अपना योगदान दिया और कहा कि यदि हम अपने आहार पर ध्यान दें और उसे नियंत्रित करें, तो कई बीमारियों से बचा जा सकता है, विशेष रूप से डाइबिटीज में खानपान का विशेष महत्व है।
आस्था फाउंडेशन के सचिव पुरूषोत्तम सिंह ने इस मुहिम की महत्ता को बताया और कहा कि आस्था फाउंडेशन का मुख्य उद्देश्य लोगों को डाइबिटीज के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि यह मुहिम विभिन्न कार्यालयों में जाकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग कर रही है और इसके सकारात्मक परिणाम मिल रहे हैं।
इस कार्यक्रम में सैकड़ों केन्द्रीय राजस्व विभाग के अधिकारियों के अलावा आस्था फाउंडेशन के कार्यक्रम प्रभारी संजीव कर्ण और रिषभ कुमार भी उपस्थित थे। सभी ने इस अभियान को अपनी सक्रिय सहभागिता देकर सफल बनाने में योगदान दिया।