रामदयालु सिंह महाविद्यालय की डॉ. आयशा जमाल को मिला बेस्ट प्रोजेक्ट वर्क अवार्ड

  • Post By Admin on Dec 07 2024
रामदयालु सिंह महाविद्यालय की डॉ. आयशा जमाल को मिला बेस्ट प्रोजेक्ट वर्क अवार्ड

मुजफ्फरपुर : रामदयालु सिंह महाविद्यालय की भूगोल विभाग की अध्यक्षा डॉ. आयशा जमाल को दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित भू-स्थानिक प्रौद्योगिकियों पर एनजीपी-डीएसटी शीतकालीन स्कूल में “बेस्ट प्रोजेक्ट वर्क” का अवार्ड प्राप्त हुआ है। 

यह पुरस्कार उन्हें उनके परियोजना “ट्रेंड इन ग्लेशियल चेंज इन चंद्र-भाग बेसिन इन लास्ट फोर डिकेड्स” पर उत्कृष्ट कार्य के लिए दिया गया है। डॉ. आयशा जमाल की परियोजना अध्ययन में यह महत्वपूर्ण निष्कर्ष सामने आया कि चंद्र-भाग बेसिन के ग्लेशियर प्रति वर्ष 1.7% की दर से घट रहे हैं। 

इसके साथ ही 1989 से 2024 के बीच हिमनद झीलों के क्षेत्र में 261% की वृद्धि हुई है। जिससे ग्लेशियर लेक आउटबर्स्ट फ्लड (जीएलओएफ) का खतरा बढ़ गया है। उनका अध्ययन इस संदर्भ में महत्वपूर्ण है क्योंकि हिमनदों का नुकसान जलवायु परिवर्तन के प्रभावों का स्पष्ट संकेत है और हिमालय क्षेत्र में ऐसे हिमनदी घटनाओं से बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो सकता है। इस सफलता पर डॉ. आयशा ने बताया कि यह अध्ययन जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को समझने में अत्यंत प्रासंगिक है और आगे इसे विभिन्न आयामों से और गहराई से अध्ययन किया जाएगा।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अनिता सिंह ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा, “कॉलेज लगातार शोध और प्रोजेक्ट कार्य के क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल कर रहा है। यह हमारे शिक्षकों की मेहनत और समर्पण का परिणाम है।" उन्होंने डॉ. आयशा जमाल और उनके सहयोगी शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वे आशान्वित हैं कि भविष्य में महाविद्यालय और भी बेहतर शिक्षण, शोध और परियोजना कार्य में उपलब्धियां हासिल करेगा। 

महाविद्यालय के सभी शिक्षक, कर्मचारी और शोध छात्र डॉ. आयशा जमाल को इस सम्मान के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। यह पुरस्कार महाविद्यालय के शैक्षिक और शोध कार्य में एक और मील का पत्थर साबित हुआ है।