भाकपा-माले कार्यकर्ताओं ने अंचलाधिकारी के खिलाफ की नारेबाजी
- Post By Admin on Jan 11 2025
.jpg)
समस्तीपुर : जिले के पूसा अंचल कार्यालय के समक्ष भाकपा-माले कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित अनिश्चितकालीन घेरा डालो-डेरा डालो आंदोलन तीसरे दिन भी जारी रहा। इस दौरान माले कार्यकर्ताओं ने अंचलाधिकारी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कई अहम मांगों को लेकर अपना विरोध जताया।
माले कार्यकर्ता पूसा प्रखंड के गरीब और भूमिहीन परिवारों के लिए आय प्रमाण पत्र और आवासीय भूमि आवंटन की मांग कर रहे हैं। उनके अनुसार, गरीबों को ₹72,000 से कम की वार्षिक आय वाले प्रमाण पत्र नहीं दिए जा रहे हैं। जबकि वास्तविकता यह है कि अनेक गरीबों की आय इससे भी कम है। इसके साथ ही, भूमिहीन परिवारों को 5 डिसमिल आवासीय भूमि देने की मांग भी की जा रही है। आंदोलनकारी यह भी चाहते हैं कि अंचल में पहले से जमा किए गए आय प्रमाण पत्र के आवेदन की अद्यतन जानकारी दी जाए।
सभा को संबोधित करते हुए भाकपा-माले के प्रखंड सचिव अमित कुमार ने कहा कि, “जो वास्तव में गरीब हैं, उनकी सालाना आमदनी ₹70,000 से भी कम है, लेकिन उन्हें ₹72,000 से कम का आय प्रमाण पत्र नहीं दिया जा रहा है। हमने पहले भी अंचलाधिकारी से कहा था कि आय प्रमाण पत्र निर्गत करने से पहले सत्यापन करना चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक गरीबों को ₹72,000 से कम का आय प्रमाण पत्र नहीं दिया जाता, तब तक यह अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी रहेगा।
इस आंदोलन में भाकपा-माले के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। जिनमें जिला कमिटी सदस्य रौशन कुमार, महेश कुमार और प्रखंड कमिटी सदस्य रविन्द्र सिंह, दिनेश राय, अखिलेश सिंह, राजाराम सिंह, भाग्यनारायण राय, अजय कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे। महिला कार्यकर्ताओं में अभिलाषा कुमारी, जानकी देवी, किरण देवी, सोनी देवी, बबिता देवी, सरिता देवी, रेणु देवी और सोनिया देवी भी धरने में शामिल हुईं।
आंदोलन के दौरान अंचल कार्यालय के समक्ष भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था, लेकिन आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा था। माले कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।