मुजफ्फरपुर : शहर में नगर निगम के बढ़ते भ्रष्टाचार और स्मार्ट सिटी परियोजना के धीमे विकास ने नागरिकों का जीवन मुश्किल कर दिया था। कई बार स्थानीय निवासियों और समाजसेवियों ने इस मुद्दे को उठाया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। सुदामा न्यूज़ ने भी शहर की गंभीर समस्याओं को लगातार उजागर किया, जिससे जनता में कार्य न होने के कारण असंतोष और बढ़ गया था।

समाजसेवी सावन पांडेय ने नगर निगम की बदहाल व्यवस्था पर लगातार तीखे हमले किए और कई बार वरीय अधिकारियों से लेकर राजनेताओं तक इसकी शिकायतें भी कीं। उनके और आम जनता के प्रयासों के बाद, नगर आयुक्त नवीन कुमार का तबादला कर उन्हें गया भेज दिया गया । वहीं नए नगर आयुक्त के रूप में विक्रम विरकर को पदभार सौंपा गया है।

विक्रम विरकर को तेज-तर्रार और कार्य में कुशल माना जाता है। अब यह देखना होगा कि उनके नेतृत्व में मुजफ्फरपुर का नगर निगम स्मार्ट सिटी में तब्दील हो पाता है या पुराने ढर्रे पर ही चलता रहेगा। शहरवासियों को अब नए नगर आयुक्त से काफी उम्मीदें हैं कि वे शहर की तस्वीर बदलेंगे और मुजफ्फरपुर को स्मार्ट सिटी बनाने के सपने को साकार करेंगे।