बाल विवाह मुक्त अभियान का शुभारंभ, जिलाधिकारी ने किया पोस्टर लांच
- Post By Admin on Nov 28 2024

सीतामढ़ी : महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के निर्देश पर देश भर में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की शुरुआत की गई है। जिसका शुभारंभ सीतामढ़ी जिला में बुधवार को जिलाधिकारी रिची पांडेय के द्वारा किया गया। जिलाधिकारी ने बाल विवाह के खिलाफ जन जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए पोस्टर का विमोचन कर इस अभियान की शुरुआत की। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने के लिए जिले में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि बाल विवाह एक गंभीर मानवाधिकार उल्लंघन है। जो न केवल लड़कियों की शिक्षा, स्वास्थ्य और समग्र विकास को प्रभावित करता है, बल्कि समाज में असमानता और भेदभाव को भी बढ़ावा देता है। उन्होंने कहा कि सीतामढ़ी जिले में बाल विवाह को जड़ से समाप्त करने के लिए प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जाएंगे और जन जागरूकता अभियानों को गति दी जाएगी।
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान का मुख्य उद्देश्य देश को बाल विवाह जैसी कुरीति से मुक्त करना है। यह अभियान लड़कियों और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए शिक्षा, कौशल, उद्यमिता और अन्य सामाजिक अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस अभियान के माध्यम से सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि हर लड़की को अपने बचपन का पूरा अधिकार मिले और उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वतंत्रता के लिए बेहतर अवसर मिलें।
जिले में इस अभियान के तहत बाल विवाह के खिलाफ एक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य लड़कियों के बीच शिक्षा और विकास को बढ़ावा देना है, ताकि उन्हें बाल विवाह के खिलाफ खड़ा किया जा सके। जिलाधिकारी ने बताया कि बाल विवाह निषेध अधिनियम के तहत लड़कियों के विवाह की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और लड़कों के लिए 21 वर्ष निर्धारित की गई है और इसके उल्लंघन पर कड़ी सजा का प्रावधान है।
इस मौके पर वरीय पुलिस उपाधीक्षक और नोडल पदाधिकारी विशेष किशोर पुलिस इकाई, मो. नजीब अनवर, सहायक निदेशक जिला बाल संरक्षण इकाई लाल कृष्ण राय, विधि सह परिविक्षा अधिकारी अब्दुल रहीम और एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन (बचपन बचाओ आंदोलन) के वरिष्ठ प्रोजेक्ट अधिकारी मुकुंद कुमार चौधरी समेत कई अन्य अधिकारी और समाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे। उन्होंने बाल विवाह के खिलाफ इस अभियान को सफल बनाने के लिए सभी समाजिक संगठनों और नागरिकों से सहयोग की अपील की। इस मौके पर शिव शंकर ठाकुर, शिव पुजन कुमार, रोविन कुमार सहित कई अन्य समाजिक कार्यकर्ता और जिले के लोग भी उपस्थित थे।