वृद्ध दिवस बना यादगार : बुजुर्गों को मिला स्नेह, सम्मान और मुस्कान
- Post By Admin on Aug 21 2025
.jpg)
मुजफ्फरपुर : सोशल वर्कर फॉर वूमेन एंपावरमेंट संस्था की ओर से गुरुवार को शेखपुर ढाब स्थित सतनामी सेवा आश्रम में वृद्ध दिवस मनाया गया। इस मौके पर आश्रम में रह रहे करीब 20 वृद्धजनों को संस्था की ओर से नए वस्त्र, जरूरत का समान और बर्तन दिए गए, ताकि वे अपनी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी कर सकें। संस्था के सदस्यों ने वृद्धजनों को शाम का नाश्ता भी कराया और सेवा का भाव प्रकट किया।
कार्यक्रम को खास बनाने के लिए आश्रम परिसर में दो आम के पौधे लगाए गए, जो संरक्षण और दीर्घायु का प्रतीक माने जाते हैं। उपस्थित सदस्यों ने कहा कि यह पौधे आने वाली पीढ़ियों को भी इस सेवा कार्य की याद दिलाते रहेंगे।
इस अवसर पर वृद्धा आश्रम की संचालक उर्मिला देवी और जीतेन्द्र कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे। संस्था की संयोजक बबली कुमारी, अध्यक्ष रानू गुप्ता, सदस्य मीरा जैसवाल और मोनिका अरोड़ा सहित कई कार्यकर्ता कार्यक्रम में सक्रिय रूप से शामिल हुए।
संस्था की संयोजक बबली कुमारी ने कहा कि वृद्धजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनका सम्मान व देखभाल करना हर किसी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वृद्धजन समाज की असली पूंजी हैं। संस्था ने आश्वस्त किया कि आगे भी इस तरह की पहल जारी रहेंगी।