नगर थाना में रक्षाबंधन का अनोखा उत्सव, सोशल वर्कर फॉर वीमेन एम्पावरमेंट ने पुलिस अधिकारियों को बाँधी राखी

  • Post By Admin on Aug 07 2025
नगर थाना में रक्षाबंधन का अनोखा उत्सव, सोशल वर्कर फॉर वीमेन एम्पावरमेंट ने पुलिस अधिकारियों को बाँधी राखी

मुजफ्फरपुर : रक्षाबंधन के पावन अवसर पर "सोशल वर्कर फॉर वीमेन एम्पावरमेंट" संस्था द्वारा नगर थाना में एक अनोखे अंदाज में पर्व मनाया गया। संस्था की महिला सदस्यों ने पुलिस अधिकारियों को तिलक लगाकर रक्षा सूत्र बाँधा और मिठाइयां खिलाई।

इस विशेष आयोजन के दौरान थाना के छोटे-बड़े सभी पुलिसकर्मी भावुक हो उठे। उनका कहना था कि पहली बार किसी सामाजिक संस्था ने पुलिसकर्मियों के साथ राखी का त्योहार मनाया है। आमतौर पर यह पर्व सेना और अर्धसैनिक बलों के साथ मनाया जाता है, लेकिन स्थानीय स्तर पर समाज की सुरक्षा में जुटे पुलिसकर्मी भी रक्षकों की ही भूमिका निभाते हैं, जिन्हें अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है।

संस्था की संयोजिका बबली कुमारी ने कहा, “देश की सीमाओं के रक्षक हमारे सैनिक हैं, लेकिन समाज की शांति और सुरक्षा की पहली दीवार स्थानीय पुलिस होती है। ऐसे में उनका सम्मान करना हमारा नैतिक कर्तव्य है।”

इस अवसर पर संस्था की अध्यक्ष रानू गुप्ता, कोषाध्यक्ष डॉ. बेनू वर्तिका, मीडिया प्रभारी सुमिता प्रकाश, सदस्य रानी तिवारी, अर्चना सिंह व बिमला गुप्ता समेत कई महिलाएं उपस्थित रहीं। वहीं, समाजसेवी रंजीत कुमार, सुमित कुमार, गोपी मेहता, शंभू प्रसाद और सोनू सरकार जैसे स्थानीय प्रतिष्ठित व्यक्ति भी इस उत्सव में शामिल हुए।

नगर थाना परिसर में राखी के इस आयोजन ने एक सामाजिक संदेश भी दिया – जो हमारे समाज की सुरक्षा करते हैं, उनके साथ पर्व मनाना हमारी जिम्मेदारी है।