प्रयागराज में सड़कों पर चल रही हैं नावें, नदियों के लेवल बढ़ने से अलर्ट जारी

  • Post By Admin on Sep 17 2024
प्रयागराज में सड़कों पर चल रही हैं नावें, नदियों के लेवल बढ़ने से अलर्ट जारी

प्रयागराज : संगम नगरी प्रयागराज में गंगा और यमुना नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है I प्रयागराज के संगम क्षेत्र में दोनों नदियों का जलस्तर डेंजर लेवल के करीब पहुंच गया है I अगर इसी रफ्तार से दोनों नदियों का जल स्तर बढ़ता रहा तो कभी भी गंगा और यमुना नदियां डेंजर लेवल को पार कर सकती हैं I गंगा और यमुना नदियों में बाढ़ आने से जहां शुक्रवार को ही इस साल दूसरी बार संगम स्थित बड़े हनुमान मंदिर के गर्भगृह में गंगा और यमुना नदियों का जल प्रवेश कर गया था I वहीं अब तटीय इलाकों में भी बाढ़ का पानी समाने लगा है I

शहर के दर्जनों निचले रिहायशी कालोनियों में एक मंजिल बाढ़ के पानी में डूब गयी है I संगम आने और जाने वाली सभी सड़कें जलमग्न हो गई हैं I सभी स्नान घाट भी जलमग्न हो गए हैं I जिन सड़कों पर मोटर गाड़ियां फर्राटा भरती थी उन सड़कों पर नावें चल रही है I संगम में आई बाढ़ के चलते घाटियों, दुकानदारों और तीर्थ पुरोहितों ने भी सुरक्षित स्थानों पर अपने तखत लगा लिए हैं I बाढ़ के बावजूद देश के कोने-कोने से हजारों श्रद्धालु हर दिन संगम आ रहे हैं I गंगा नदी का जलस्तर कछारी इलाकों में भी प्रवेश कर गया है I गंगा किनारे बसे छोटा बघाड़ा, बेली गांव, म्यौराबाद, राजापुर, गंगानगर, रसूलाबाद, अशोक नगर, सलोरी, नेवादा और शंकर घाट के सैकड़ों घर बाढ़ की चपेट में आ गए हैं I

घरों में बाढ़ का पानी घुसने के बाद पीड़ित परिवार छतों पर डेरा जमा चुके हैं I बीते 24 घंटे में गंगा नदी का फाफामऊ में जलस्तर 21 सेंटीमीटर और छतनाग में 39 सेंटीमीटर बढ़ा है I जबकि यमुना नदी का जलस्तर बीते 24 घंटे में 29 सेंटीमीटर बढ़ा है I फाफामऊ में गंगा नदी का जलस्तर 84.07 मीटर और छतनाग में 83.40 मीटर तक पहुंच गया है I जबकि यमुना नदी का नैनी में जलस्तर 83.90 मी पहुंच गया है I यमुना नदी करीब डेढ़ सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रही हैं, तो वहीं गंगा नदी फाफामऊ में 1 सेंटीमीटर प्रति घंटे और छतनाग में डेढ़ सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रही है I गंगा और यमुना नदियों में आई की बाढ़ पर सिंचाई विभाग के कंट्रोल रूम से 24 घंटे निगरानी की जा रही है I