पॉलिटेक्निक कॉलेज में पॉश एक्ट पर जागरूकता कार्यक्रम, सुरक्षित कार्यस्थल पर जोर

  • Post By Admin on Dec 20 2025
पॉलिटेक्निक कॉलेज में पॉश एक्ट पर जागरूकता कार्यक्रम, सुरक्षित कार्यस्थल पर जोर

लखीसराय : महिला एवं बाल विकास निगम, लखीसराय के तत्वावधान में शनिवार को पॉलिटेक्निक कॉलेज लखीसराय परिसर में कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न (निवारण, निषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम, 2013 (पॉश एक्ट) को लेकर एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षण संस्थानों में महिलाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक एवं संवेदनशील कार्य वातावरण सुनिश्चित करना रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. राजेश कुमार रंजन ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पॉश एक्ट के प्रति जागरूकता न केवल कानूनी दायित्व है, बल्कि यह संस्थागत नैतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने सभी शिक्षक एवं कर्मियों से कानून की जानकारी रखने और कार्यस्थल पर शून्य सहनशीलता की नीति अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन महिला एवं बाल विकास निगम की प्रतिनिधि श्रीमती नुरुश सबा ने किया। उन्होंने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पॉश एक्ट की जानकारी से महिलाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत होती है और पुरुष कर्मियों में संवेदनशीलता का विकास होता है।

इस अवसर पर सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक श्रीमती पूनम कुमारी ने पॉश एक्ट के प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार 10 या उससे अधिक कर्मियों वाले प्रत्येक संस्थान में आंतरिक शिकायत समिति का गठन अनिवार्य है। समिति में कम से कम चार सदस्य होंगे, जिनमें 50 प्रतिशत महिलाएं होंगी। समिति की अध्यक्ष महिला होंगी तथा एक बाहरी सदस्य का होना भी आवश्यक है। उन्होंने यह भी बताया कि समिति शिकायतों के निष्पक्ष, गोपनीय एवं समयबद्ध निपटारे के लिए जिम्मेदार होती है।

हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन के जिला मिशन समन्वयक श्री प्रशांत कुमार ने शी-बॉक्स पोर्टल की जानकारी देते हुए बताया कि यह एक ऑनलाइन शिकायत निवारण प्रणाली है, जिसके माध्यम से कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से संबंधित शिकायत दर्ज कराई जा सकती है और उसकी प्रगति को ऑनलाइन ट्रैक किया जा सकता है। उन्होंने सभी संस्थानों के लिए शी-बॉक्स पोर्टल पर पंजीकरण और आंतरिक शिकायत समिति का विवरण अपलोड करना अनिवार्य बताया।

कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत उपस्थित सभी लोगों को सामूहिक रूप से शपथ दिलाई गई तथा बाल विवाह उन्मूलन में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।

अंत में श्रीमती नुरुश सबा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत कर कार्यक्रम का समापन किया। कार्यक्रम में लैंगिक विशेषज्ञ श्रीमती किस्मत कुमारी सहित पॉलिटेक्निक कॉलेज के बड़ी संख्या में शिक्षक एवं कर्मी उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम कार्यस्थल पर महिला सुरक्षा एवं अधिकारों को लेकर एक सार्थक पहल के रूप में देखा गया।