महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह द्वारा वाणिज्य विभाग की उपलब्धियों की की गई समीक्षा
- Post By Admin on Dec 05 2024

हाजीपुर : पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने 4 दिसंबर, बुधवार को मुख्यालय हाजीपुर में वाणिज्य विभाग की एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस बैठक में वाणिज्य विभाग द्वारा अप्रैल से अक्टूबर 2024 तक की गई उपलब्धियों और निर्धारित लक्ष्यों पर चर्चा की गई। बैठक में यात्री सेवा, माल लदान में वृद्धि, गुड्स शेड, गति शक्ति कार्गो टर्मिनल की क्षमता वृद्धि जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। इस बैठक में अपर महाप्रबंधक अमरेन्द्र कुमार, प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक शिव कुमार प्रसाद और वाणिज्य विभाग के अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित थे।
पूर्व मध्य रेल ने वर्ष 2024-25 के लिए 33,624 करोड़ रुपये का प्रारंभिक राजस्व प्राप्त करने का लक्ष्य रखा था। अक्टूबर 2024 तक, विभिन्न श्रोतों से 18,439 करोड़ रुपये का रेल राजस्व प्राप्त हुआ है, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि से 5.25% अधिक है। इसमें से यात्री यातायात से 2,767 करोड़ रुपये और माल ढुलाई से 15,304 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। यात्री राजस्व में 15.10% की वृद्धि हुई है। जबकि माल ढुलाई से प्राप्त राजस्व में 3.41% की वृद्धि देखी गई है।
महाप्रबंधक ने बताया कि पटना में यात्री आरक्षण प्रणाली (पीआरएस) डाटाबेस केंद्र का संचालन 21 नवंबर 2024 से प्रारंभ हो चुका है। अब तक इस डाटाबेस से 216 ट्रेनों की नियत समय पर चार्टिंग की जा रही है। इससे ट्रेनों की कोचिंग में बदलाव, गाड़ी निरस्तीकरण और मार्ग परिवर्तन जैसी गतिविधियाँ अपडेट और प्रभावी रूप से की जा रही हैं।
महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने कहा कि 2024 के दौरान अब तक 40 ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) की कमीशनिंग की जा चुकी है। जिससे यात्रियों को टिकट प्राप्त करने में सहूलियत हो रही है। इस तरह पूर्व मध्य रेल के 57 स्टेशनों पर कुल 167 एटीवीएम की कमीशनिंग की जा चुकी है।
महाप्रबंधक ने बैठक में और भी कई महत्वपूर्ण सेवाओं की समीक्षा की। जैसे कि गुड्स शेड और माल लदान की प्रक्रिया में सुधार। उन्होंने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को और अधिक तत्परता से काम करने का निर्देश दिया। इस बैठक में छत्रसाल सिंह ने पूर्व मध्य रेल की उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में और अधिक सुधार की उम्मीद जताई।