राष्ट्रीय बास्केटबॉल चैंपियनशिप में मुजफ्फरपुर के निखिल और अदिति दिखाएंगे दम

  • Post By Admin on May 23 2026
राष्ट्रीय बास्केटबॉल चैंपियनशिप में मुजफ्फरपुर के निखिल और अदिति दिखाएंगे दम

मुजफ्फरपुर : पुडुचेरी में 23 से 29 मई 2026 तक आयोजित होने वाली 76वीं जूनियर नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप में मुजफ्फरपुर जिले के दो खिलाड़ियों का चयन बिहार टीम के लिए किया गया है। जिले के निखिल कुमार और अदिति केजरीवाल राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे।

मुजफ्फरपुर जिला बास्केटबॉल संघ के सचिव अखिलेश कुमार मणि ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए बताया कि दोनों खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय स्तर की टीम में जगह बनाई है। जिला बास्केटबॉल संघ के संयुक्त सचिव सह बिहार बास्केटबॉल संघ चयन समिति के सदस्य विनय शंकर ने बताया कि 1 से 3 मई तक गया में आयोजित 12वीं राज्य स्तरीय जूनियर बास्केटबॉल चैंपियनशिप में मुजफ्फरपुर की बालक टीम ने तीसरा और बालिका टीम ने चौथा स्थान प्राप्त किया था। इसी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर बिहार जूनियर टीम का चयन किया गया।

उन्होंने बताया कि मुजफ्फरपुर बालक टीम से निखिल कुमार और बालिका टीम से अदिति केजरीवाल का चयन राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए किया गया है। जिला बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष आमोद कुमार दत्ता ने दोनों खिलाड़ियों और कोच रणप्रताप जायसवाल को बधाई देते हुए कहा कि जिले के खिलाड़ी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर राज्य और जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यही खिलाड़ी देश का नाम भी गौरवान्वित करेंगे। साथ ही उन्होंने जल्द ही जिले में राज्य स्तरीय बास्केटबॉल चैंपियनशिप आयोजित कराने की बात कही।

कोच रणप्रताप जायसवाल ने बताया कि अदिति केजरीवाल 12वीं कक्षा की छात्रा हैं और स्थानीय जवाहरलाल रोड की निवासी हैं। उनके पिता बिपिन कुमार केजरीवाल व्यवसायी तथा माता अर्पणा केजरीवाल शिक्षिका हैं। वहीं निखिल कुमार ने इस वर्ष 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की है और वे कन्हौली बेला रोड के निवासी हैं। उनके पिता बबलू कुमार व्यवसायी तथा माता किरण कुमारी गृहिणी हैं। दोनों खिलाड़ी इससे पहले भी कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बिहार टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।