मुजफ्फरपुर : जिले के पंकज मार्केट स्थित महिला सत्संग भवन में चल रही सात दिवसीय श्रीमद भागवत कथा के दूसरे दिन बीते मंगलवार को आचार्य राजेश शर्मा ने व्यास पीठ से श्रद्धालुओं को संबोधित किया। आचार्य ने कहा कि यदि आप भागवत कथा सुनकर कुछ पाना चाहते हैं, तो कथा में प्यासे मन से आएं क्योंकि यह कथा आपको न केवल ज्ञान बल्कि जीवन की सच्ची सीख देगी।

इस दिन की कथा में आचार्य राजेश शर्मा ने भगवान विष्णु के 24 अवतारों के बारे में विशेष रूप से बताया। उन्होंने भगवान के तीसरे अवतार वाराह अवतार का वर्णन करते हुए कहा कि कैसे राक्षस हिरण्याक्ष ने पृथ्वी को समुद्र में छिपा दिया था और भगवान विष्णु ने वराह रूप में पृथ्वी को समुद्र से बाहर निकालने के लिए अवतार लिया।

आचार्य ने बताया कि यह अवतार ब्रह्मा जी के नाक से हुआ था ताकि पृथ्वी को जलमग्न होने से बचाया जा सके और हिरण्याक्ष के पापों से लोगों को मुक्ति मिल सके। इसके अलावा आचार्य ने भगवान विष्णु के पांचवे अवतार कपिल मुनि के बारे में भी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि कपिल मुनि सनातन धर्म के महान ऋषि माने जाते हैं और वे सांख्य दर्शन के प्रवर्तक हैं। कपिल मुनि को भागवत धर्म के प्रमुख बारह आचार्यों में से एक माना जाता है।

कथा के दौरान आचार्य ने ब्राह्मणों की मृत्यु के तीन प्रकारों का भी उल्लेख किया और इसे ध्यानपूर्वक समझने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने बताया कि इस कथा का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं है बल्कि जीवन में ज्ञान और शांति की प्राप्ति है।

कथा के आरंभ में पूजा अर्चना का आयोजन हुआ। जिसमें मुख्य जजमान रामचंद्र शर्मा, जगदीश मैरोडिया और महावीर गर्ग सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे। इसके साथ ही उमा चेतन, रानी चेतन, बिना गोयनका, प्रेमा चाचान, सरोज शर्मा, सरोज मैरोडिया, कुसुम गर्ग जैसी प्रमुख हस्तियां भी इस आयोजन का हिस्सा बनीं।

भागवत कथा के इस विशेष अवसर पर श्रद्धालुओं को भगवान के विभिन्न अवतारों के माध्यम से जीवन के महत्वपूर्ण संदेश दिए गए जो उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। अगले दिनों में भी इस कथा का आयोजन जारी रहेगा। जिसमें और भी महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।