तेजस्वी यादव ने बिहार बंद को बताया सुपर फ्लॉप, एनडीए पर लगाया गुंडागर्दी का आरोप

  • Post By Admin on Sep 04 2025
तेजस्वी यादव ने बिहार बंद को बताया सुपर फ्लॉप, एनडीए पर लगाया गुंडागर्दी का आरोप

पटना : बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने गुरुवार को कहा कि भाजपा और उसके सहयोगी दलों के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) द्वारा बुलाया गया बिहार बंद पूरी तरह फ्लॉप रहा। दरभंगा में कांग्रेस और राजद के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में एनडीए के महिला मोर्चा द्वारा पांच घंटे तक आयोजित इस बंद को आम नागरिकों का कोई समर्थन नहीं मिला।

तेजस्वी यादव ने पटना में पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि बंद के दौरान एनडीए कार्यकर्ताओं ने सड़क पर गुंडागर्दी की, महिलाओं और शिक्षकों के साथ बदतमीजी की गई, एम्बुलेंसों को रोका गया और आम नागरिकों को परेशान किया गया। उन्होंने कहा, "भाजपा गुंडों वाली पार्टी है।"

बता दें कि इस बंद का आयोजन सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक किया गया। इसमें भाजपा महिला मोर्चा की अगुवाई में सभी घटक दलों की महिला कार्यकर्ता शामिल रही। पटना के आयकर गोलंबर के पास सुबह से ही कार्यकर्ताओं ने हाथों में झंडा लेकर विरोध प्रदर्शन किया।

एनडीए के कई वरिष्ठ नेता, जैसे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, सांसद रवि शंकर प्रसाद, विधायक संजीव चौरसिया और विधान पार्षद संजय मयूख भी बंद में शामिल हुए। ऑटो, बाइक, कार और बस का संचालन पूरी तरह ठप रहा। भाजपा नेताओं ने इसे सफल बताते हुए राहुल गांधी और तेजस्वी यादव से माफी मांगने की मांग की।