तिरहुत MLC चुनाव को लेकर प्रशांत किशोर का बड़ा दावा, 2-4 दिनों में प्रत्याशी का ऐलान

  • Post By Admin on Sep 02 2026
तिरहुत MLC चुनाव को लेकर प्रशांत किशोर का बड़ा दावा, 2-4 दिनों में प्रत्याशी का ऐलान

मुजफ्फरपुर: तिरहुत शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के आगामी MLC चुनाव को लेकर जन सुराज ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में बुधवार को मुजफ्फरपुर के जिला परिषद मार्केट स्थित होटल शुभकामना में संगठन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने भाग लिया और कार्यकर्ताओं एवं संगठन के पदाधिकारियों से चुनाव को लेकर राय ली। बैठक में मुजफ्फरपुर के साथ सीतामढ़ी, शिवहर और वैशाली जिलों के संगठन पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, एनपी मंडल, सुभाष कुशवाहा, सरवर अली समेत पार्टी के कई प्रदेश स्तरीय नेता भी मौजूद रहे।

बैठक का मुख्य केंद्र आगामी MLC चुनाव के लिए पार्टी के संभावित प्रत्याशी के चयन को लेकर रहा। कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन की स्थिति, मतदाताओं के बीच जन सुराज की पहुंच और चुनावी तैयारियों को लेकर सुझाव दिए। चुनाव लड़ने के इच्छुक संभावित दावेदारों ने भी अपनी बात संगठन के सामने रखी। प्रशांत किशोर ने कार्यकर्ताओं की राय और सुझावों को सुना तथा चुनावी तैयारियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर इस बात पर विस्तार से मंथन हुआ है कि आगामी MLC चुनाव में किसे उम्मीदवार बनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगले दो से चार दिनों के भीतर जन सुराज अपने प्रत्याशी के नाम की घोषणा करेगा।प्रशांत किशोर ने बताया कि तिरहुत प्रमंडल में संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रहे सभी साथियों को विशेष रूप से बैठक में बुलाया गया था, ताकि उम्मीदवार चयन और चुनावी रणनीति को लेकर उनकी राय जानी जा सके। उनके मुताबिक चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों ने भी अपनी दावेदारी और विचार रखे हैं और सभी सुझावों को ध्यान में रखकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

8 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी

MLC चुनाव को लेकर प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज आठ सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन के कार्यकर्ता और समर्थक चाहते हैं कि पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरे। संगठन में चुनाव को लेकर उत्साह है और कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ तैयारी में जुटना चाहते हैं।

जनाधार पर बोले- चुनाव परिणाम बताएगा तस्वीर

जन सुराज के बढ़ते या घटते जनाधार से जुड़े सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि इसकी वास्तविक तस्वीर चुनाव के परिणाम से ही सामने आएगी। उन्होंने कहा कि संगठन के कार्यकर्ताओं में उत्साह है और सभी लोग बांकीपुर में मिली जीत के सिलसिले को आगे बढ़ाने की इच्छा रखते हैं।बैठक में संगठन को और मजबूत करने, मतदाताओं तक पहुंच बढ़ाने और आगामी चुनाव के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करने पर भी चर्चा हुई। इस दौरान जिला अध्यक्ष लाल बाबू, जिला महासचिव बिपिन चौधरी, मुख्य प्रवक्ता नदीम खान, वंदना प्रीतम, महिला अध्यक्ष रंजना कुमारी, युवा अध्यक्ष राहुल राज, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष इम्तियाज वारसी समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।