आरडीएस कॉलेज में रचनात्मक लेखन और कहानी वाचन प्रतियोगिता संपन्न, पुष्कर कश्यप बने विजेता
- Post By Admin on Oct 15 2026
मुजफ्फरपुर : रामदयालु सिंह महाविद्यालय के अंग्रेजी विभाग में रचनात्मक गद्य लेखन एवं कहानी वाचन प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने अपने निजी अनुभवों को शब्दों में पिरोते हुए समाज और जीवन से जुड़े कई संवेदनशील विषयों पर प्रेरक प्रस्तुतियां दीं। प्रतिभागियों ने मानवता के लिए प्रेरणा बनने, आत्मविश्वास बनाए रखने, पारिवारिक व सामाजिक रिश्तों के महत्व और प्रकृति तथा पौधों के साथ मित्रता जैसे गंभीर व प्रेरणादायक विषयों पर अपनी मौलिक कहानियां सुनाईं।प्रतियोगिता के परिणामों में पुष्कर कश्यप ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर प्रथम स्थान हासिल किया। स्पर्श और अपूर्वा प्रियदर्शिनी ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि राजवीर कुमार एवं सोनाक्षी प्रिया संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। सफल प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप पुस्तकें और पत्रिकाएं प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से उपस्थित अंग्रेजी विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. आरती कुमारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए रचनात्मक लेखन के महत्वपूर्ण पहलुओं और बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रभावी कहानी में कथ्य (विषयवस्तु) और शिल्प (प्रस्तुति) का संतुलित समन्वय होना अनिवार्य है। कहानी न केवल अभिव्यक्ति का जरिया है, बल्कि यह व्यक्ति को समाज और प्रकृति से गहराई से जोड़ने का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के आत्मविश्वास और रचनात्मक सोच की भूरि-भूरि प्रशंसा की। कार्यक्रम का औपचारिक समापन छात्रा अनिशा द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस दौरान पल्लवी, यश, आरुषि, अपराजिता, प्रतीक, आयुष, अंशु, खुशी, नेहा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।