सरदार पटेल जयंती पर अग्निशमन सेवा की पहल, एकता परेड के साथ दिया अग्नि सुरक्षा का संदेश

  • Post By Admin on Oct 31 2026
सरदार पटेल जयंती पर अग्निशमन सेवा की पहल, एकता परेड के साथ दिया अग्नि सुरक्षा का संदेश

लखीसराय : सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर लखीसराय में अग्निशमन सेवा की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में आयोजित ‘एकता परेड-2026’ का सीधा प्रसारण सिकंदरा रोड स्थित रामकृष्ण मिशन आवासीय विद्यालय में बड़ी स्क्रीन और प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाया गया। इस दौरान अग्निशमन सेवा के पदाधिकारी और कर्मियों के साथ विद्यालय के छात्र-छात्राएं, गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।

एकता परेड के सीधे प्रसारण से पहले कार्यक्रम स्थल पर अग्नि सुरक्षा से जुड़ी जानकारियां साझा की गईं। बड़ी स्क्रीन पर संक्षिप्त वीडियो के माध्यम से घरेलू आग की घटनाओं को रोकने के उपाय, एलपीजी और बिजली के उपकरणों का सुरक्षित उपयोग तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया से संबंधित जानकारी दी गई। इसका उद्देश्य लोगों को आग से बचाव के प्रति जागरूक करना और आपात स्थिति में सही कदम उठाने की जानकारी देना था।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित परेड का सीधा प्रसारण देखा। इसके माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान और देश की एकता एवं अखंडता के महत्व का संदेश दिया गया। यह कार्यक्रम जिला अग्निशमन पदाधिकारी लखीसराय विनोद कुमार यादव के निर्देशन में आयोजित किया गया। इसका क्रियान्वयन अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी विनीता लता ने किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और आम लोगों की सहभागिता के माध्यम से राष्ट्रीय एकता के साथ-साथ अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया।