राष्ट्रीय एकता भारत की सबसे बड़ी शक्ति: प्रो. श्यामल किशोर

  • Post By Admin on Oct 31 2026
राष्ट्रीय एकता भारत की सबसे बड़ी शक्ति: प्रो. श्यामल किशोर

मुजफ्फरपुर: रामेश्वर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर ‘राष्ट्र के शिल्पकार: सरदार वल्लभभाई पटेल’ विषय पर परिचर्चा आयोजित की गई। कार्यक्रम में देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता बनाए रखने में सरदार पटेल के योगदान को याद किया गया।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. श्यामल किशोर ने कहा कि राष्ट्रीय एकता भारत की सबसे बड़ी शक्ति है। विविधताओं से भरे देश को एक सूत्र में बांधे रखने के लिए आपसी सद्भाव, सहयोग और सहिष्णुता जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. शारदानंद सहनी ने स्वागत भाषण एवं विषय प्रवेश कराया। मुख्य वक्ता राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. गोवर्धन ने राष्ट्रीय एकता के राजनीतिक और सामाजिक आयामों पर चर्चा की। वहीं, हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. उपेन्द्र प्रसाद ने एकता, नैतिकता और मानवीय मूल्यों के महत्व को रेखांकित किया।

कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन हिंदी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. संदीप कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी और एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ हुआ।