सड़क निर्माण से लेकर टैक्स वसूली तक की समीक्षा, लखीसराय डीएम ने लंबित कार्यों पर दिए निर्देश

  • Post By Admin on Oct 31 2026
सड़क निर्माण से लेकर टैक्स वसूली तक की समीक्षा, लखीसराय डीएम ने लंबित कार्यों पर दिए निर्देश

लखीसराय : जिले में विकास योजनाओं को समय पर पूरा कराने और विभिन्न विभागों में लंबित कार्यों के निष्पादन को लेकर जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। शनिवार, 31 अक्टूबर को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में उनकी अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें नगर परिषद, पथ निर्माण, ग्रामीण कार्य सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में नगर परिषद से संबंधित विभिन्न समितियों, नगर निकायों में अनुकंपा के मामलों, अंतरविभागीय समन्वय, आंतरिक संसाधन, होल्डिंग टैक्स वसूली, मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना और जिला संचालित समिति के कार्यों की भी समीक्षा हुई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को लंबित योजनाओं और कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।

आंतरिक संसाधनों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने राजस्व संग्रहण में तेजी लाने और होल्डिंग टैक्स की वसूली निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने नगर निकायों से जुड़े लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन करने का भी निर्देश दिया। पथ निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान विभिन्न सड़क निर्माण और विकास योजनाओं की स्थिति पर चर्चा हुई। सूरजिचक–रहाटपुर पथ से संबंधित भूमि विवाद के आदेश की प्रति अपर समाहर्ता (एडीएम) कार्यालय से प्राप्त कर पथ निर्माण विभाग को उपलब्ध कराने को कहा गया। साथ ही संबंधित पथ पर सड़क की कटाई नहीं करने का निर्देश दिया गया। पचना रोड में अर्थवर्क फिलिंग का काम जल्द पूरा करने को भी कहा गया। वहीं, सूर्यगढ़ा–सलमनपुर पथ पर बॉक्स कलवर्ट निर्माण के लिए जल संसाधन विभाग, सिकंदरा से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) प्राप्त करने हेतु पत्र लिखने का निर्देश दिया गया। मतासी–बल्लोपुर पथ निर्माण के लिए 6.0595 एकड़ भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को पत्र भेजने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं में आ रही बाधाओं को दूर करने और कार्यों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी लक्ष्यों को पूरा करने पर जोर दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।